
रात के अंधेरे में खड़ी गाड़ियों को बनाते थे निशाना, 175 लीटर डीज़ल बरामद
KPN24.com जांजगीर-चांपा 31 मई 2026
जिले की बलौदा पुलिस ने डीज़ल चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का 175 लीटर डीज़ल, घटना में प्रयुक्त महिंद्रा स्कॉर्पियो, जेरिकेन, लोहे की रॉड एवं पेचकस सहित कुल 13 लाख 17 हजार 500 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी देर रात सुनसान स्थानों पर खड़ी भारी वाहनों को निशाना बनाते थे। वे लोहे की रॉड और पेचकस की मदद से डीज़ल टंकी का ताला तोड़कर डीज़ल चोरी कर फरार हो जाते थे।
ऐसे हुआ गिरोह का खुलासा
प्रार्थी प्रकाश कुमार राठौर निवासी खिसोरा ने थाना बलौदा में शिकायत दर्ज कराई कि उसका हाइवा वाहन नवागांव घाट से हरदीबाजार की ओर जा रहा था। चालक द्वारा वाहन को खिसोरा-उमरेली तालाब के समीप भारतमाला मार्ग पर खड़ा किया गया था। इसी दौरान स्कॉर्पियो वाहन में सवार तीन अज्ञात व्यक्ति पहुंचे और हाइवा की डीज़ल टंकी का ताला तोड़कर जेरिकेन में डीज़ल भरने लगे।
चालक के जाग जाने और शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में जांच करने पर टंकी से 175 लीटर डीज़ल चोरी होना पाया गया, जिसकी कीमत लगभग 17 हजार 500 रुपये आंकी गई।
पुलिस की सक्रियता से आरोपी दबोचे गए
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना बलौदा पुलिस ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
• तेजू पनिका (31 वर्ष), निवासी जमगहना, थाना पटना, जिला कोरिया
• दिनेश कुमार केंवट (22 वर्ष), निवासी रसौटा, थाना बलौदा
• मनोज कुमार मिरी (37 वर्ष), निवासी कोरबी, थाना बलौदा
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवार, आरक्षक रज्जू रात्रे, प्रहलाद निर्मलकर, राघवेन्द्र सिंह, रोहित साहू, बृजपाल बर्मन, टिकेश्वर राठौर, संतोष रात्रे, संदीप सोनंत एवं महिला आरक्षक रुखमणी निर्मलकर का उल्लेखनीय योगदान रहा।
बलौदा पुलिस की इस कार्रवाई से डीज़ल चोरी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है तथा क्षेत्र में अपराधियों को कड़ा संदेश गया है।











