"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

तमिलनाडु में बंधक बनाए गए 41 श्रमिकों की सकुशल घर वापसी की तैयारी, जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से मिली बड़ी राहत

KPN24.com जांजगीर-चांपा 03 जून 2026

तमिलनाडु में बंधक बनाकर जबरन काम कराए जा रहे जांजगीर-चांपा जिले के 41 श्रमिकों सहित महिलाओं और बच्चों को मिलाकर कुल 50 लोगों की सुरक्षित वापसी का रास्ता साफ हो गया है। शिकायत मिलते ही जांजगीर-चांपा जिला प्रशासन ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए तमिलनाडु प्रशासन से समन्वय स्थापित किया और श्रमिकों की मुक्ति सुनिश्चित कराई।

जानकारी के अनुसार जिले के श्रमिकों को रोजगार दिलाने के नाम पर तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले के देवांद्वकाम ग्राम ले जाया गया था, जहां उन्हें उचित मजदूरी नहीं दी जा रही थी तथा कथित रूप से बंधक बनाकर जबरन कार्य कराया जा रहा था। मामले की जानकारी सामने आते ही तिरुवल्लूर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए श्रमिकों का रेस्क्यू अभियान चलाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने स्वयं संज्ञान लेते हुए तमिलनाडु प्रशासन एवं स्थानीय अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा। जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों और स्थानीय प्रशासन तथा स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद से सभी श्रमिकों को सुरक्षित मुक्त कराया गया, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
कलेक्टर श्री महोबे ने स्वयं श्रमिकों से दूरभाष पर चर्चा कर उनका हालचाल जाना और उन्हें आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें तथा सभी की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन लगातार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। तिरुवल्लूर प्रशासन द्वारा सभी श्रमिकों को भोजन, यात्रा टिकट सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं तथा उन्हें अवमुक्ति प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए हैं।
श्रम पदाधिकारी समीर मिश्रा ने बताया कि प्रशासन श्रमिकों और तमिलनाडु के अधिकारियों के निरंतर संपर्क में है। सभी श्रमिकों के अपने गृह ग्राम पहुंचने तक समुचित समन्वय बनाए रखा जाएगा। साथ ही प्रभावित श्रमिकों को आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
जिला प्रशासन की तत्परता और संवेदनशील पहल से संकट में फंसे श्रमिकों को राहत मिली है तथा उनके परिजनों ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More