"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

वायरल ऑडियो प्रकरण में बड़ी कार्रवाई: आत्मानंद विद्यालय नवागढ़ के व्यायाम शिक्षक की संविदा सेवा समाप्त

KPN24.com जांजगीर-चांपा 13 जून 2026

जिले के शिक्षा विभाग में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्रवाई के तहत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय नवागढ़ में पदस्थ व्यायाम शिक्षक (संविदा) श्री नलसाय दिवाकर की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश में यह कार्रवाई वायरल ऑडियो प्रकरण की जांच और प्राप्त स्पष्टीकरण के आधार पर की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया में वायरल हुए एक ऑडियो को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने श्री दिवाकर को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। मामले की जांच अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जांजगीर द्वारा की गई, जिसमें संबंधित शिक्षक का स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया।
जांच प्रतिवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि संबंधित कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-03 के विपरीत है। इसे सेवा आचरण के प्रतिकूल मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने छत्तीसगढ़ संविदा नियुक्ति नियम, 2012 के नियम 09 (7) के तहत कड़ी कार्रवाई करते हुए श्री नलसाय दिवाकर की संविदा सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी।
इस कार्रवाई को शिक्षा विभाग द्वारा अनुशासन एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभागीय सूत्रों के अनुसार शासन के निर्देशों के अनुरूप सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More