
यूपीएससी प्रीलिम्स-2026 में ट्राइबल यूथ हॉस्टल के 13 प्रतिभाशाली युवाओं ने हासिल की सफलता
KPN24.com रायपुर 18 जून 2026
छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 के परिणामों में नई दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल के 13 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त कर प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
यह सफलता केवल परीक्षा में उत्तीर्ण होने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह दूरस्थ जनजातीय, ग्रामीण एवं वंचित वर्गों के युवाओं के सपनों, संघर्ष और अथक परिश्रम की विजयगाथा है। सीमित संसाधनों के बावजूद इन युवाओं ने यह सिद्ध कर दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति और उचित मार्गदर्शन मिलने पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवा शक्ति की बढ़ती भागीदारी और उनकी असाधारण क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
सीटों की संख्या बढ़ाने का मिला सकारात्मक परिणाम
मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता 50 सीटों से बढ़ाकर 200 सीट किए जाने का निर्णय अब ऐतिहासिक परिणाम देने लगा है। इस पहल से प्रदेश के वनांचल, जनजातीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं को देश की राजधानी में रहकर यूपीएससी सहित विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का सुनहरा अवसर प्राप्त हुआ है।
इन 13 प्रतिभाओं ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान
यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा-2026 में सफल अभ्यर्थियों में गौतम कुमार, कुलभूषण सिंह पोया, हरि चंद्र प्रकाश सिंह, मयंक रात्रे, मलिकराम पटेल, आर्यन राठौर, चेतन लाल, हरीश कुमार पटेल, किशन लाल साहू, सत्यनारायण चंद्राकर, दीक्षा दिवाकर, विकेश कुर्रे एवं प्रकाश पटेल शामिल हैं।
निःशुल्क सुविधाओं से मिल रही नई उड़ान
ट्राइबल यूथ हॉस्टल में चयनित विद्यार्थियों को निःशुल्क आवास, पौष्टिक भोजन, आधुनिक पुस्तकालय, अध्ययन कक्ष, गुणवत्तापूर्ण कोचिंग तथा अनुभवी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। यही कारण है कि यह संस्थान आज देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का मजबूत केंद्र बनता जा रहा है।
आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि ट्राइबल यूथ हॉस्टल जैसी पहलें प्रतिभाओं को पहचान और सही दिशा प्रदान कर रही हैं। वहीं विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने इसे राज्य सरकार की युवा-केंद्रित नीतियों और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन व्यवस्था का सकारात्मक परिणाम बताया।
संघर्ष से सफलता तक की प्रेरक कहानी
ट्राइबल यूथ हॉस्टल के 13 अभ्यर्थियों की यह सफलता न केवल छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है, बल्कि प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा भी है। यह उपलब्धि साबित करती है कि अवसर, संसाधन और मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण एवं जनजातीय अंचलों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।










