"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

एटीएम से हरियाली की नई शुरुआत: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिखाई हरी झंडी, बोले— आज लगाया हर पौधा बनेगा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार

KPN24.com रायपुर 16 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में एक नई और अभिनव पहल की शुरुआत हुई है। जशपुर वन विभाग द्वारा विकसित ‘ट्री एटीएम’ को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बगिया हेलीपैड परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अनूठी पहल के माध्यम से अब प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आम नागरिकों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग पौधरोपण अभियान से जुड़ सकें।

मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वयं ट्री एटीएम से आँवला का पौधा प्राप्त किया और उपस्थित लोगों के बीच पौधों का वितरण भी किया। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल पौधे बांटने तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और हर नागरिक को इस अभियान से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वच्छ और हरित भविष्य की मजबूत नींव बनेगा। उन्होंने जशपुर वन विभाग की इस नवाचारपूर्ण पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्षा ऋतु पौधरोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय है और ऐसे समय में ट्री एटीएम लोगों तक पौधों की आसान उपलब्धता सुनिश्चित करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान ने पूरे देश में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई चेतना पैदा की है। उसी से प्रेरित होकर छत्तीसगढ़ में भी बड़े पैमाने पर पौधरोपण अभियान संचालित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करना भी प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और हरियाली से भरपूर भविष्य मिल सकता है।
आज का पौधा, आने वाली पीढ़ियों की छाँव’ बना अभियान का संदेश
‘आज का पौधा, आने वाली पीढ़ियों की छाँव’ के प्रेरक संदेश के साथ शुरू किए गए इस ट्री एटीएम अभियान के तहत नागरिकों को केवल निःशुल्क पौधे ही नहीं दिए जाएंगे, बल्कि पौधरोपण की वैज्ञानिक विधि, नियमित देखभाल, संरक्षण और पौधों को जीवित रखने के उपायों की भी जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य सिर्फ पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना और पर्यावरण संरक्षण को स्थायी जनअभियान का रूप देना है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More