
मनीष विद्यार्थी खरगोन मध्यप्रदेश
KPN24.com खरगोन 16 जुलाई 2026
मध्यप्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि नाईक ने अभियान की प्रभावशीलता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार एक ओर नशा मुक्ति के नाम पर जागरूकता अभियान चला रही है, जबकि दूसरी ओर उसकी नाक के नीचे अवैध नशे का कारोबार बेखौफ जारी है।
रवि नाईक ने कहा कि “सरकार चोरों से कहती है चोरी करो और लोगों से कहती है जागते रहो।” उनका आरोप है कि सरकार का नशा मुक्ति अभियान केवल दिखावा बनकर रह गया है। यदि सरकार वास्तव में नशे के खिलाफ गंभीर है, तो सबसे पहले प्रदेश में खुलेआम बिक रही अवैध शराब, गांजा, ड्रग्स और अन्य मादक पदार्थों पर प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि प्रदेश के कई क्षेत्रों में अवैध नशे का कारोबार खुलेआम संचालित हो रहा है और इस पर प्रभावी नियंत्रण दिखाई नहीं देता। उन्होंने आरोप लगाया कि यह अवैध कारोबार कुछ प्रभावशाली लोगों और अधिकारियों के संरक्षण में फल-फूल रहा है, जिससे सरकार की मंशा पर सवाल खड़े होते हैं।
रवि नाईक ने कहा कि जब तक अवैध नशे के कारोबार पर कठोर कार्रवाई नहीं होती, तब तक केवल रैलियां निकालने और जागरूकता अभियान चलाने से कोई ठोस परिणाम नहीं मिलेगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रदेश में चल रहे अवैध नशे के कारोबार पर तत्काल रोक लगाई जाए, तभी नशा मुक्ति अभियान सार्थक साबित होगा।










