
कलेक्टर के निर्देश पर स्कूल में ही मिली दस्तावेज़ी सुविधा, छात्रवृत्ति और प्रवेश प्रक्रिया होगी आसान
KPN24.com जांजगीर-चांपा 16 जुलाई 2026
जिला प्रशासन की पहल से अब विद्यार्थियों को आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिलेभर के विद्यालयों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विकासखंड बम्हनीडीह अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सेमरिया में विद्यार्थियों के लिए विशेष शिविर आयोजित कर आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया पूरी की गई।
शिविर में राजस्व विभाग के पटवारी, ग्राम सरपंच, शिक्षा विभाग के शिक्षकों तथा विद्यार्थियों के पालकों की उपस्थिति में आवेदन पत्रों की बारीकी से जांच की गई और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। इस दौरान 72 विद्यार्थियों के आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र तैयार किए गए।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि विद्यार्थियों को विद्यालय स्तर पर ही आवश्यक प्रमाण पत्र उपलब्ध हो जाएं, ताकि उन्हें छात्रवृत्ति, विभिन्न शासकीय योजनाओं और शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के समय किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कलेक्टर के निर्देशन में ऐसे विशेष शिविर आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे, जिससे जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को समय पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए जा सकें और उनकी शैक्षणिक यात्रा बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सके।










