"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

19 जुलाई को खरगोन में निकलेगा कैंडल मार्च, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी का आह्वान

मनीष विद्यार्थी खरगोन मध्यप्रदेश 

KPN24.com खरगोन 17 जुलाई 2026

शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक की निष्पक्ष जांच और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा की मांग को लेकर 19 जुलाई 2026 (रविवार) को खरगोन में आम आदमी पार्टी द्वारा कैंडल मार्च निकाला जाएगा। पार्टी ने विद्यार्थियों, युवाओं, अभिभावकों एवं जागरूक नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होकर इस शांतिपूर्ण जनआंदोलन को समर्थन देने की अपील की है।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आह्वान पर आयोजित इस कैंडल मार्च के संबंध में जिला अध्यक्ष कैलाश रोकड़े ने बताया कि यह कार्यक्रम शिक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर जनजागरण और जवाबदेही की मांग के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर (नई दिल्ली) पर अनशनरत सोनम वांगचुक के समर्थन में भी यह मार्च निकाला जाएगा।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि नीट सहित विभिन्न भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए कथित पेपर लीक मामलों ने लाखों विद्यार्थियों और बेरोजगार युवाओं के भविष्य पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े किए हैं। ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा शिक्षा व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि 19 जुलाई, रविवार को शाम 7 बजे कैंडल मार्च पीजी कॉलेज, खरगोन से प्रारंभ होकर बीस्टान नाका तक निकाला जाएगा।
आम आदमी पार्टी ने जिले के विद्यार्थियों, युवाओं, अभिभावकों एवं सभी जागरूक नागरिकों से आह्वान किया है कि वे बड़ी संख्या में कैंडल मार्च में शामिल होकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, छात्रों के अधिकारों की सुरक्षा तथा जवाबदेही की मांग को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से बुलंद करें।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More