
एक महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार, कमीशन के लालच में बैंक खाते देकर साइबर ठगों की करते थे मदद
KPN24.com जांजगीर-चांपा 20 जुलाई 2026
जांजगीर-चांपा जिले की थाना चांपा पुलिस ने म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कमीशन के लालच में अपने नाम से बैंक खाते खुलवाकर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराए, जिनके माध्यम से 18,17,216 रुपये की ऑनलाइन ठगी को अंजाम दिया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना चांपा पुलिस ने समन्वय पोर्टल से प्राप्त इनपुट, तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग लेन-देन की गहन जांच के आधार पर इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया। जांच में सामने आया कि साइबर ठग विभिन्न राज्यों में ऑनलाइन ठगी की रकम इन्हीं बैंक खातों में ट्रांसफर करते थे।
गिरफ्तार आरोपी
पिंकी डडसेना (37 वर्ष), निवासी बरपालीकला, थाना नगरदा, जिला सक्ती।
सूरज जांगड़े (24 वर्ष), निवासी हसौद, जिला सक्ती।
क्या होता है म्यूल अकाउंट?
म्यूल अकाउंट ऐसा बैंक खाता होता है जिसे कोई व्यक्ति कमीशन या लालच के बदले साइबर अपराधियों को उपयोग के लिए उपलब्ध कराता है। ठगी की रकम पहले ऐसे खातों में जमा कराई जाती है और फिर दूसरे खातों में स्थानांतरित कर दी जाती है, जिससे अपराधियों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। कानून के अनुसार ऐसा बैंक खाता उपलब्ध कराने वाला व्यक्ति भी अपराध का सहभागी माना जाता है और उसके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाती है।
इन अधिकारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्यम चौहान, प्रधान आरक्षक रुकसाना बानो तथा आरक्षक ईश्वरी राठौर की सराहनीय भूमिका रही।










