"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

सेवा के संकल्प के साथ लायंस क्लब सेंधवा की नई टीम ने संभाली कमान

श्यामसुंदर तायल बने अध्यक्ष, स्वास्थ्य-शिक्षा, पर्यावरण और नारी सशक्तिकरण को मिलेगी प्राथमिकता

मनीष विद्यार्थी, सेंधवा मध्यप्रदेश 

KPN24.com सेंधवा 22 जुलाई 2026

सेवा को अपना मूल मंत्र मानकर समाजहित में निरंतर कार्य कर रहे लायंस क्लब सेंधवा की नई कार्यकारिणी ने सेवा और समर्पण के संकल्प के साथ सत्र 2026-27 के लिए अपनी जिम्मेदारियां संभाल लीं। लायंस क्लब सेंधवा की नवीन कार्यकारिणी का भव्य शपथ विधि समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में नवगठित टीम ने पद एवं कर्तव्यों की शपथ लेकर समाजसेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने का संकल्प लिया।

समारोह की मुख्य अतिथि लायंस इंटरनेशनल क्लब मुंबई की प्रथम महिला डिस्ट्रिक्ट गवर्नर भावना शाह ने कहा कि लायंसवाद का मूल उद्देश्य सेवा है। यदि सेवा कर्म धर्म और समर्पण की भावना से किया जाए तो उसका कर्मफल निश्चित रूप से सफलता के रूप में प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब सेंधवा की व्यापक और लोकहितकारी सेवा गतिविधियों ने क्लब को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई है।
कार्यक्रम का शुभारंभ देवी सरस्वती एवं लायंस इंटरनेशनल क्लब के संस्थापक मेल्विन जोन्स की प्रतिमा पर पूजन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद क्लब की परंपरा के अनुसार ध्वज वंदन किया गया तथा विश्व शांति के लिए मौन रखा गया।
क्लब के पूर्व अध्यक्ष गोपाल तायल ने स्वागत उद्बोधन देते हुए अतिथियों का परिचय कराया। वहीं निवृत्तमान अध्यक्ष डॉ. अतुल पटेल ने अपने दो वर्ष के अध्यक्षीय कार्यकाल के दौरान क्लब द्वारा संचालित विभिन्न सेवा गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने क्लब की उपलब्धियों में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी सदस्यों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह के दौरान लायंस इंटरनेशनल डायरेक्टर एंडोर्सी कुलभूषण मित्तल ने नवीन कार्यकारिणी के अध्यक्ष श्यामसुंदर तायल, सचिव संजय अग्रवाल, कोषाध्यक्ष पीयूष दुबे, प्रथम उपाध्यक्ष अजय झँवर, द्वितीय उपाध्यक्ष दीपक राजपाल, तृतीय उपाध्यक्ष डॉ. अतुल शाह, टेमर पंकज अग्रवाल तथा टेल ट्विस्टर डॉ. अनूप सक्सेना सहित संचालक मंडल के सदस्यों को पद एवं कर्तव्य की शपथ दिलाई। उन्होंने नवीन टीम को आगामी वर्ष में सेवा गतिविधियों के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर निवृत्तमान अध्यक्ष डॉ. अतुल पटेल ने लायंस क्लब की प्रतीकात्मक ‘बेल’ नवनियुक्त अध्यक्ष श्यामसुंदर तायल को सौंपकर विधिवत रूप से पद एवं दायित्व हस्तांतरित किए।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्यामसुंदर तायल ने अपने संबोधन में आगामी वर्ष की प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि क्लब की सेवा गतिविधियों में स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और नारी सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि क्लब समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सेवा का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
समारोह में लायंस इंटरनेशनल क्लब जिला 3233-G1 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जयप्रकाश त्रिपाठी, प्रथम वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राम जाट, जिला कैबिनेट सेक्रेटरी अनिल मोदी सहित धार, बड़वानी, राजपुर, खरगोन समेत विभिन्न लायंस क्लबों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा लायंस क्लब सेंधवा के पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारी, सदस्य तथा शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी समारोह में सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में लायंस कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य आशुवेन्द्र सिंह ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। नवीन कार्यकारिणी के गठन के साथ ही लायंस क्लब सेंधवा ने सेवा कार्यों को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक नई शुरुआत की।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More