"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मुख्यमंत्री साय ने सत्य साई ग्राम के सेवा मॉडल को बताया जनकल्याण की प्रेरक मिसाल

शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर, छत्तीसगढ़ में सेवाओं के विस्तार की संभावनाओं पर हुई सार्थक चर्चा

KPN24.com रायपुर 24 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कर्नाटक के सत्य साई ग्राम, मुद्देनहल्ली पहुंचकर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और मानवीय मूल्यों पर आधारित सेवा कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के संस्थापक सद्गुरु मधुसूदन साई से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में जनकल्याणकारी सेवाओं के विस्तार को लेकर व्यापक चर्चा की। इस दौरान विशेष रूप से निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा मूल्य आधारित शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का सपना केवल आर्थिक प्रगति से पूरा नहीं होगा, बल्कि इसके लिए स्वस्थ, शिक्षित और संस्कारित समाज का निर्माण भी जरूरी है। राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण को सुशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि समाजसेवी संस्थाओं के अनुभव, नवाचार और सेवा भावना को सरकारी प्रयासों से जोड़कर जनकल्याण की योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
निःशुल्क हृदय शल्य चिकित्सा की मुख्यमंत्री ने की सराहना
मुख्यमंत्री ने श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल, रायपुर द्वारा बच्चों की पूर्णतः निःशुल्क हृदय शल्य चिकित्सा के माध्यम से हजारों बच्चों को नया जीवन देने के कार्य की विशेष सराहना की। उन्होंने इसे मानवता, सेवा और संवेदना का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए अस्पताल के विस्तार, मदर एंड चाइल्ड अस्पताल की स्थापना तथा भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और व्यापक बनाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
मूल्य आधारित शिक्षा को बताया राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव
मुख्यमंत्री साय मूल्य आधारित शिक्षा पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन में लगभग 25 देशों से आए 100 से अधिक शिक्षकों और शिक्षाविदों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं होना चाहिए, बल्कि चरित्र निर्माण, सेवा, करुणा, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व भी शिक्षा का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मूल्य आधारित शिक्षा ही संवेदनशील नागरिकों और मजबूत राष्ट्र का निर्माण करने में सक्षम है।
एक करोड़ बच्चों तक पहुंच रही पोषण सहायता
मुख्यमंत्री ने श्री सत्य साई अन्नपूर्णा ट्रस्ट द्वारा संचालित साईश्योर न्यूट्रास्यूटिकल्स इकाई का भी अवलोकन किया। बताया गया कि साईश्योर मल्टी-न्यूट्रिएंट हेल्थ मिक्स के माध्यम से देश के 25 राज्यों और 4 केंद्रशासित प्रदेशों में करीब एक करोड़ बच्चों तक पोषण सहायता पहुंचाई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए छत्तीसगढ़ के विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में ऐसे नवाचारों के माध्यम से बच्चों के पोषण स्तर को और बेहतर बनाने की संभावनाओं पर चर्चा की।
300 छत्तीसगढ़ी युवाओं को मिला नर्सिंग प्रशिक्षण
इस दौरान यह भी जानकारी दी गई कि छत्तीसगढ़ के करीब 300 युवाओं को नर्सिंग शिक्षा और प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ऐसी पहल युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ सेवा भावना से प्रेरित दक्ष स्वास्थ्य मानव संसाधन तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ सरकार और वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के बीच सहयोग से स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे। इससे गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों तक गुणवत्तापूर्ण सेवाओं की पहुंच और मजबूत होगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More