"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

डोमिनोज़ फ्रेंचाइजी का झांसा देकर 2.65 लाख की ऑनलाइन ठगी, दिल्ली से साइबर ठग गिरफ्तार

गूगल पर तलाश के बाद बिछाया ठगी का जाल, फर्जी कंपनी प्रतिनिधि बनकर ऐंठी रकम; जांच में कई राज्यों में धोखाधड़ी के मामले सामने आए

KPN24.com जांजगीर-चांपा 26 जुलाई 2026

डोमिनोज़ की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 2 लाख 65 हजार 500 रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी को अकलतरा पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने गूगल के माध्यम से फ्रेंचाइजी लेने के लिए आवेदन करने वाले युवक को कंपनी का प्रतिनिधि बनकर फोन किया और पंजीयन शुल्क के नाम पर लाखों रुपये अपने खाते में जमा करा लिए। पुलिस जांच में आरोपी के खिलाफ अन्य राज्यों में भी इसी तरह की साइबर ठगी की शिकायतें सामने आई हैं।

पुलिस के अनुसार, अकलतरा निवासी संस्कार अग्रवाल राइस मिल का संचालन करते हैं। उन्होंने डोमिनोज़ की फ्रेंचाइजी लेने के उद्देश्य से गूगल क्रोम के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदन के कुछ समय बाद उनके पास निखिल तिवारी नामक व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताया। बातचीत के दौरान फ्रेंचाइजी पंजीयन के नाम पर 2,65,500 रुपये जमा कराने को कहा गया।
आरोपी की बातों पर भरोसा करते हुए संस्कार अग्रवाल ने 10 अप्रैल 2026 को अपने निजी बचत खाते से बताई गई बैंक खाता संख्या में पूरी रकम स्थानांतरित कर दी। लेकिन बाद में जब उन्होंने डोमिनोज़ के स्टेट हेड से संपर्क कर फ्रेंचाइजी पंजीयन की पुष्टि की, तो पता चला कि उनके नाम से कंपनी में कोई फ्रेंचाइजी पंजीकृत ही नहीं हुई थी। इसके बाद उन्हें अपने साथ साइबर ठगी होने का एहसास हुआ और उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
बैंक खाते ने खोला ठगी का राज
शिकायत मिलने के बाद अकलतरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने उस बैंक खाते की जानकारी जुटाई, जिसमें ठगी की रकम स्थानांतरित की गई थी। जांच में बैंक खाता ललित कश्यप (40 वर्ष), निवासी ग्राम लाकड़ीपुर, थाना मझोला, जिला मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश, हाल मुकाम पुल प्रहलादपुर, जीडी-126, दिल्ली के नाम पर संचालित होना पाया गया।
पुलिस ने आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर पूछताछ की

पूछताछ में आरोपी द्वारा डोमिनोज़ फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर रकम प्राप्त करने की बात स्वीकार किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते का विवरण, पासबुक सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कई राज्यों में ठगी का नेटवर्क होने का संदेह
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के खिलाफ साइबर ठगी के अन्य मामलों की भी जानकारी मिली है। पुलिस के मुताबिक, जबलपुर साइबर थाना में भी डोमिनोज़ फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 2.65 लाख रुपये की ठगी का मामला आरोपी के खिलाफ दर्ज है। इसके अलावा आरोपी के बैंक खाते पर विभिन्न राज्यों से प्राप्त ऑनलाइन ठगी की शिकायतों के आधार पर होल्ड लगाया गया है। अन्य राज्यों में भी डोमिनोज़ फ्रेंचाइजी के नाम पर ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायतें सामने आने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस की लोगों से अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि गूगल सर्च में दिखाई देने वाले किसी भी मोबाइल नंबर को कंपनी का अधिकृत प्रतिनिधि मानकर उस पर भरोसा न करें। साइबर ठग बड़ी कंपनियों के नाम से फर्जी मोबाइल नंबर और वेबसाइट तैयार कर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं।
पुलिस ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन ठगी का शिकार होता है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें अथवा साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। ठगी के तुरंत बाद शिकायत करने से रकम को सुरक्षित कराने की संभावना बढ़ जाती है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More