
महिलाओं ने सिर पर मटकी रखकर निकाली अनोखी रैली, राम मंदिर पहुंचकर प्रतीकात्मक रूप से फोड़ी मटकी
KPN24.com बिलासपुर 26 जुलाई 2026
अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने बिलासपुर जिले के बोदरी में अनोखे अंदाज में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक और पूर्व विधायक सियाराम कौशिक के नेतृत्व में निकली इस विरोध रैली ने पूरे क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गरमा दिया।
प्रदर्शन की शुरुआत चकरभाठा स्थित हनुमान मंदिर से हुई। रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और महिलाएं शामिल हुईं। महिलाओं ने सिर पर मटकी रखकर विरोध दर्ज कराया। इन मटकियों पर “पाप का घड़ा भर गया है”, “चौकीदार चोर है” और “मंदिर चंदा चोरी” जैसे नारे लिखे गए थे। ढोल-मांदर की थाप और जोरदार नारों के बीच निकली रैली ने नगर में लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
रैली राम मंदिर पहुंची, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से मटकी फोड़कर अपना विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने कथित चढ़ावा चोरी के मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक ने कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। उन्होंने कथित चढ़ावा चोरी के मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
वहीं, पूर्व विधायक सियाराम कौशिक ने अपने संबोधन में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक पूरे मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
बोदरी के प्रदर्शन ने बढ़ाई सियासी हलचल
बोदरी में कांग्रेस का यह अनोखा प्रदर्शन अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। सिर पर मटकी रखकर निकली महिलाओं की रैली और राम मंदिर के सामने मटकी फोड़कर किया गया विरोध प्रदर्शन राजनीतिक गलियारों में भी सुर्खियां बटोर रहा है। अब देखना होगा कि इस प्रदर्शन के बाद कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर आगे क्या कार्रवाई होती है और राजनीतिक विवाद किस दिशा में बढ़ता है।










