
KPN24.com रायपुर 27 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी के मानव संसाधन विभाग की पहल पर ‘प्रकृति का ख्याल रखें, आपदा के लिए तैयार रहें’ अभियान के तहत सेवा भवन में विशेष जागरूकता एवं आध्यात्मिक सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, आपदा से पूर्व तैयारी, मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी बीके माधुरी दीदी, सदस्य साइंटिस्ट, इंजीनियर एवं आर्किटेक्ट विंग, सीईए ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं और संकट की परिस्थितियों में मानसिक संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आपदा के समय धैर्य, सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक शक्ति की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक आर.के. शुक्ला ने कहा कि बिजली क्षेत्र में संकट और चुनौतियां लगातार बनी रहती हैं। ऐसे कठिन समय में बिजली कर्मियों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है, क्योंकि उन्हें विपरीत परिस्थितियों के बीच विद्युत व्यवस्था को शीघ्र बहाल करने के लिए तत्पर रहना पड़ता है। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान तनाव को नियंत्रित रखते हुए प्रभावी ढंग से कार्य करने के गुर इस कार्यक्रम में सीखने को मिले, जो सभी के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगे।
कार्यक्रम की दूसरी वक्ता भावना दीदी ने प्रेरक प्रसंगों, कहानियों और मनोवैज्ञानिक गतिविधियों के माध्यम से आपदा की परिस्थितियों में धैर्य एवं संयम बनाए रखने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में घबराहट के बजाय शांत मन, सकारात्मक सोच और संयमित व्यवहार ही किसी भी चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटने की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने बताया कि ‘प्रकृति का ख्याल रखें, आपदा के लिए तैयार रहें’ अभियान छह चरणों में संचालित किया जा रहा है। इसके प्रथम चरण में पानीपत से जम्मू, द्वितीय चरण में माउंट आबू से महाराष्ट्र तथा तृतीय चरण में रायपुर से जबलपुर तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रायपुर में यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अभियंता मानव संसाधन ट्रांसमिशन श्रीमती रश्मि वर्मा, मुख्य अभियंता शारदा सोनवानी तथा अतिरिक्त मुख्य अभियंता भूषण लाल वर्मा सहित पावर कंपनी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










