"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

बड़ी खबर: आम बिजली उपभोक्ताओं को नहीं देना होगा प्रीपेड मीटर का झटका! 1 अगस्त से प्रीपेड व्यवस्था लागू होने का दावा निकला भ्रामक

KPN24.com रायपुर 27 जुलाई 2026

सोशल मीडिया पर इन दिनों तेजी से प्रसारित हो रही एक पोस्ट ने बिजली उपभोक्ताओं के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर दी है। पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि 1 अगस्त से घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए प्रीपेड बिजली व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। हालांकि, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ ने इस दावे को पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन बताते हुए स्थिति स्पष्ट कर दी है।

आम उपभोक्ताओं के लिए प्रीपेड बिजली व्यवस्था लागू नहीं
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ के अनुसार, आम घरेलू, व्यावसायिक और अन्य श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल प्रीपेड बिजली व्यवस्था लागू नहीं की जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही 1 अगस्त से प्रीपेड व्यवस्था लागू होने की जानकारी वास्तविक तथ्यों पर आधारित नहीं है।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि प्रीपेड व्यवस्था केवल सरकारी विभागों के बिजली कनेक्शनों पर लागू करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इसका आम बिजली उपभोक्ताओं के कनेक्शनों से कोई संबंध नहीं है।
सोशल मीडिया की हर खबर पर न करें भरोसा
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ के कार्यालय उपमहाप्रबंधक (जनसंपर्क) की ओर से जारी विज्ञप्ति में आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें।
कंपनी ने कहा है कि बिजली व्यवस्था, बिल, कनेक्शन या किसी अन्य महत्वपूर्ण जानकारी के लिए केवल अधिकृत और आधिकारिक माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
यानी साफ है—1 अगस्त से आम घरेलू उपभोक्ताओं के लिए प्रीपेड बिजली व्यवस्था लागू होने की वायरल खबर पर भरोसा न करें।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More