
मनीष विद्यार्थी, खरगोन मध्यप्रदेश
खरगोन, खंडवा, बड़वानी और बुरहानपुर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, पुलिस और आयोजकों के बीच बेहतर समन्वय
KPN24.com खरगोन 31 जुलाई 2026
श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्राओं को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए निमाड़ रेंज पुलिस ने अनूठी पहल करते हुए ‘कांवड़ सुरक्षा कवच’ अभियान शुरू किया है। पुलिस उप महानिरीक्षक के निर्देश पर खरगोन, खंडवा, बड़वानी और बुरहानपुर जिलों में कांवड़ यात्रा आयोजकों एवं कांवड़ियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा कवच वितरित किए जा रहे हैं।
एक कार्ड में मिलेगी यात्रा से जुड़ी अहम जानकारी
‘कांवड़ सुरक्षा कवच’ में यात्रा समिति अथवा आयोजक का नाम, मोबाइल नंबर, जिला और सदस्यों की जानकारी दर्ज की जा रही है। इसके साथ ही आपात स्थिति में उपयोगी अस्पताल, पुलिस सहायता केंद्र और नियंत्रण कक्ष के संपर्क नंबर भी उपलब्ध रहेंगे। कांवड़ यात्रा के मार्ग का नक्शा तथा रास्ते में भोजन, पानी और विश्राम की सुविधाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी इस सुरक्षा कवच के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है।
चार जिलों में 235 कांवड़ यात्राएं, हजारों श्रद्धालु होंगे शामिल
निमाड़ रेंज के चारों जिलों में श्रावण मास के दौरान विभिन्न समितियों द्वारा कुल 235 छोटी-बड़ी कांवड़ यात्राएं निकाली जाएंगी। इनमें—
खरगोन: 100 यात्राएं, लगभग 41,750 कांवड़िए
खंडवा: 64 यात्राएं, लगभग 24,715 कांवड़िए
बड़वानी: 55 यात्राएं, लगभग 20,865 कांवड़िए
बुरहानपुर: 16 यात्राएं, लगभग 11,380 कांवड़िए
शामिल होने का अनुमान है।
यात्रा मार्गों पर पुलिस की पैनी नजर
कांवड़ यात्राओं को लेकर पुलिस अधिकारियों द्वारा यात्रा मार्ग, प्रमुख सड़कें, संवेदनशील स्थान और चिन्हित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया जा रहा है। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, संभावित भीड़ को नियंत्रित करने, मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्गों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और श्रद्धालुओं को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया है। साथ ही श्रद्धालुओं से शांति और अनुशासन बनाए रखने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।
निमाड़ रेंज पुलिस का संदेश साफ है—श्रद्धा आपकी, सुरक्षा हमारी। श्रद्धालु निश्चिंत होकर कांवड़ यात्रा करें।










