
KPN24.com कवर्धा 31 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विश्वप्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय भी उनके साथ उपस्थित रहीं।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धापूर्वक सहभागिता की। उन्होंने कहा कि भोरमदेव मंदिर छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत का गौरवशाली प्रतीक है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के साथ सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाते हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और शांतिपूर्ण जीवन की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहरों के संरक्षण, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय लोगों के लिए नए अवसर सृजित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री का भोरमदेव मंदिर दौरा आस्था, संस्कृति और जनकल्याण के संकल्प का संदेश देता नजर आया। उनका यह प्रवास छत्तीसगढ़ की गौरवशाली परंपराओं के प्रति सम्मान और समाज के विभिन्न वर्गों के आमंत्रण को सहजता से स्वीकार कर उनसे जुड़ने की संवेदनशीलता को भी दर्शाता है।










