"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

पहले बेची जमीन को फिर बेचकर लाखों की ठगी! फर्जी दस्तावेजों से दोबारा कर दी रजिस्ट्री, आरोपी गिरफ्तार

चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शिकायत के बाद खुला जमीन की दोहरी बिक्री का राज, आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

KPN24.com जांजगीर-चांपा 04 अगस्त 2026

पहले से बेची जा चुकी जमीन को कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे दोबारा बेचकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने जमीन की पहली बिक्री के बाद नामांतरण नहीं होने का फायदा उठाया और कथित कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर उसी भूमि का दोबारा सौदा कर दिया।

पुलिस ने आरोपी रामगोपाल यादव उर्फ ननकीदाऊ (58 वर्ष), निवासी जगदल्ला, चांपा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 336, 338 एवं 340(2) के तहत कार्रवाई की है।
6 लाख 350 रुपये में हुआ जमीन का सौदा, फिर सामने आया बड़ा फर्जीवाड़ा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गौकरण पटेल निवासी कोटाडबरी ने 4 जून 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि रामगोपाल यादव ने अपनी नाम दर्ज भूमि का सौदा 6 लाख 350 रुपये में किया था। तहसील कार्यालय चांपा में 100 रुपये के स्टाम्प पर इकरारनामा तैयार किया गया। सौदे के दौरान 50 हजार रुपये नगद अग्रिम दिए गए, जबकि बाद में 5 लाख रुपये चेक के माध्यम से आरोपी और उसके पुत्र को दिए गए।
इसके बाद भूमि की रजिस्ट्री शिकायतकर्ता की पत्नी के नाम करा दी गई। लेकिन जब नामांतरण की प्रक्रिया शुरू हुई तो पूरे मामले का चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि जिस जमीन की रजिस्ट्री हाल ही में कराई गई थी, उसे आरोपी कथित तौर पर वर्ष 1996 में ही ग्राम कोसमंदा निवासी एक व्यक्ति को बेच चुका था।
नामांतरण नहीं होने का उठाया फायदा, दस्तावेजों में कूटरचना का आरोप
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 1996 में जमीन की बिक्री के बाद नामांतरण नहीं होने का लाभ उठाते हुए आरोपी ने कथित रूप से दस्तावेजों में कूटरचना कर जमीन की दूसरी प्रति प्राप्त की और उसी भूमि का दोबारा सौदा कर रजिस्ट्री करा दी। इस तरह एक ही जमीन को दो अलग-अलग लोगों को बेचने का मामला सामने आया।
शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 286/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान गवाहों के बयान और दस्तावेजी साक्ष्यों की जांच में आरोपी द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूमि का दोबारा विक्रय किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने किसान पुस्तिका सहित संबंधित दस्तावेज जब्त करते हुए प्रकरण में अतिरिक्त धाराएं जोड़ीं।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी रामगोपाल यादव उर्फ ननकीदाऊ को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक भुवनेश्वर राठौर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक निकिता साहू, गोपी सिंह, रूकसाना बानो, आरक्षक मुद्रिका दुबे, प्रकाश द्विवेदी, वीरेश सिंह सहित थाना चांपा के समस्त पुलिस स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More