
ग्रामीण अंचल के मेधावी विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री ने किया आत्मीय संवाद, प्रतिष्ठित संस्थानों के शैक्षणिक भ्रमण से बढ़ा उत्साह
KPN24.com रायपुर 14 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में छिपी प्रतिभाओं को नई उड़ान देने की दिशा में आयोजित शैक्षणिक भ्रमण के तहत सरगुजा जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं ने राजधानी रायपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके अनुभव, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जाना।
अंबिकापुर क्षेत्र के सात शासकीय विद्यालयों से आए करीब 50 मेधावी विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण समय है। बड़े सपने देखिए और उन्हें साकार करने के लिए पूरी लगन, अनुशासन और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़िए।
डॉक्टर-इंजीनियर बनना ही सफलता नहीं
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता का अर्थ केवल डॉक्टर या इंजीनियर बनना नहीं है। आज युवाओं के लिए शिक्षा, विज्ञान, अनुसंधान, खेल, तकनीक, प्रशासन और उद्यमिता सहित अनेक क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के भीतर अलग प्रतिभा और क्षमता होती है। जरूरत केवल अपनी रुचि और क्षमता को पहचानकर सही लक्ष्य निर्धारित करने की है। लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर परिश्रम से जीवन में किसी भी ऊंचाई को हासिल किया जा सकता है।
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिल रहे बड़े अवसर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विस्तार हुआ है। प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर के अनेक प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थान स्थापित हुए हैं, जहां ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि गांव और दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उचित मार्गदर्शन और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध हों। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के भीतर नई जिज्ञासा पैदा करने के साथ उनके सपनों को भी विस्तार देते हैं।
आईआईएम और ट्रिपल आईटी समेत कई संस्थानों का किया भ्रमण
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने नवा रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान, भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, जनजातीय संग्रहालय और छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग कार्यालय सहित विभिन्न प्रमुख संस्थानों एवं स्थलों का अवलोकन किया।
विद्यार्थियों ने इन संस्थानों की शैक्षणिक गतिविधियों, अध्ययन के अवसरों और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी प्राप्त की। राजधानी रायपुर और नवा रायपुर के प्रतिष्ठित संस्थानों को करीब से देखने का अनुभव विद्यार्थियों के लिए बेहद उत्साहवर्धक रहा।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी बढ़ाया हौसला
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन पूरे जीवन की मजबूत नींव तैयार करने का समय है। उन्होंने कहा कि जिस तरह मजबूत भवन के लिए मजबूत नींव जरूरी होती है, उसी तरह उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, परिश्रम और समय का सदुपयोग आवश्यक है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य को पहचानने, निरंतर ज्ञान अर्जित करने और व्यक्तित्व निर्माण पर ध्यान देने का आह्वान किया।
सात विद्यालयों के विद्यार्थी हुए शामिल
इस शैक्षणिक भ्रमण में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कनकालों, बकिरमा, सुखरी, रामपुर, मेंड्राकला एवं करजी तथा शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय केशवपुर के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने माता-पिता, विद्यालय तथा छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, जिला पंचायत सदस्य पायल सिंह तोमर, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।










