"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जिले में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने किया ध्वजारोहण

KPN24.com जांजगीर-चांपा 15 अगस्त 2026

देशभक्ति और राष्ट्र गौरव के उत्साह से सराबोर जांजगीर-चांपा जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित शासकीय हाईस्कूल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा, रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।

ध्वजारोहण के बाद मंत्री ने मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया और जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़कर आजादी के उत्सव को और भव्य बनाया। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को भी प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया।
देशभक्ति से ओतप्रोत रही सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सामूहिक प्रस्तुतियों ने मैदान में मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय हरदी ने प्रथम, ज्ञानदीप उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजगीर ने द्वितीय तथा सेजेस चांपा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
परेड के वरिष्ठ वर्ग में जिला पुलिस बल जांजगीर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एनसीसी बालिका टीसीएल महाविद्यालय जांजगीर द्वितीय और एनसीसी बालक टीसीएल महाविद्यालय जांजगीर तृतीय रहे। कनिष्ठ वर्ग में एनसीसी ज्ञानदीप उमावि जांजगीर प्रथम, एनसीसी 325 ट्रूप शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजगीर बालक द्वितीय तथा सेजेस क्रमांक-1 बालिका जांजगीर तृतीय रहा। मार्गदर्शक दल में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गट्टानी जांजगीर प्रथम रहा।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया गया वृक्षारोपण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 जांजगीर परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर विधायक जांजगीर-चांपा ब्यास कश्यप, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, पूर्व विधायक मोतीलाल देवांगन एवं चुन्नीलाल साहू सहित जनप्रतिनिधि, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
शहीद स्मारक पहुंचकर अमर जवानों को दी श्रद्धांजलि
स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने जांजगीर के कचहरी चौक स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर अमर जवानों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों के बलिदान को नमन किया।
समारोह ने जिले में राष्ट्रभक्ति, एकता और देशप्रेम का ऐसा रंग बिखेरा कि पूरा जांजगीर-चांपा तिरंगे के गौरव और आजादी के जश्न में रंगा नजर आया।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More