
खेल विभूतियों के संघर्ष और उपलब्धियों की तस्वीरों ने बयां की गौरवगाथा, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की सफलता को पुस्तक में किया गया संकलित
Kpn24.com रायपुर 29 अगस्त 2026
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं और गौरवशाली खेल इतिहास को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई। राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खेलों पर आधारित विशेष फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ का विमोचन किया।
तस्वीरों में दिखी खेल विभूतियों की संघर्षगाथा
मुख्यमंत्री साय ने प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ की खेल विभूतियों के जीवन, संघर्ष, उपलब्धियों और खेल जगत में उनके योगदान से जुड़ी तस्वीरों एवं जानकारियों का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में प्रदेश के गौरवशाली खेल इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास दिखाई दिया।
विशेष फोटो प्रदर्शनी में शहीद राजीव पाण्डेय, शहीद पंकज विक्रम, शहीद कौशल यादव और शहीद विनोद चौबे सहित छत्तीसगढ़ की अनेक खेल विभूतियों के जीवन और योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। वहीं वीर हनुमान सिंह के जीवन, खेल साधना और खेल जगत में उनके उल्लेखनीय योगदान को भी प्रमुखता से स्थान दिया गया है।
संघर्ष से सफलता तक का सफर
प्रदर्शनी केवल खिलाड़ियों की उपलब्धियों तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसमें उनकी संघर्ष यात्रा, समर्पण और सफलता तक पहुंचने की प्रेरक कहानी को भी सामने रखा गया है। आयोजकों का उद्देश्य इन प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से नई पीढ़ी को खेलों के प्रति आकर्षित करना और उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।
‘हमारे खिलाड़ी’ में दर्ज हुई छत्तीसगढ़ के सितारों की कहानी
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ का भी विमोचन किया। पुस्तक में छत्तीसगढ़ का राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों के जीवन परिचय, खेल यात्रा, महत्वपूर्ण उपलब्धियों और योगदान को आकर्षक छायाचित्रों के साथ संकलित किया गया है।
यह पुस्तक प्रदेश की खेल प्रतिभाओं की उपलब्धियों को दस्तावेजीकृत करने के साथ ही छत्तीसगढ़ की समृद्ध खेल विरासत को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।
खेल इतिहास से वर्तमान प्रतिभाओं तक एक मंच
फोटो प्रदर्शनी और ‘हमारे खिलाड़ी’ पुस्तक का निर्माण खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जनसंपर्क विभाग द्वारा किया गया है। इसके माध्यम से छत्तीसगढ़ के गौरवशाली खेल इतिहास, खेल विभूतियों और वर्तमान खिलाड़ियों की उपलब्धियों को एक ही मंच पर प्रस्तुत किया गया है।
खेल जगत की बड़ी हस्तियों की मौजूदगी
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, तकनीकी शिक्षा मंत्री खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल एवं विजय बघेल, विधायक पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू एवं सुनील सोनी, छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. विक्रम सिसोदिया सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।










