
नामजद आरोपी की जगह भाई को बनाया आरोपी, जमानत मुचलके पर छोड़ा; विभागीय जांच के आदेश
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 21 सितंबर 2026
पुलिस विवेचना में लापरवाही को लेकर जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, आईपीएस ने सख्त रुख अपनाया है। जांच के दौरान नामजद आरोपी के स्थान पर उसके भाई को आरोपी बनाकर जमानत मुचलके पर छोड़ने का मामला सामने आने के बाद संबंधित विवेचक के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
मामला अपराध क्रमांक 196/2026, धारा 281 एवं 125(1) बीएनएस से संबंधित है। पुलिस के अनुसार प्रकरण में ग्राम गंगाजल निवासी चंद्रशेखर यादव उर्फ मंझला नामजद आरोपी था। विवेचना के दौरान उसके स्थान पर उसके भाई चंद्र कुमार यादव को आरोपी बनाकर जमानत मुचलके पर छोड़ दिया गया।
विवेचना में लापरवाही पर कार्रवाई
प्रकरण की जांच में प्रथम दृष्टया विवेचना कार्यवाही में लापरवाही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने सहायक उपनिरीक्षक रामकृष्ण आदित्य के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की है। उन्हें थाना नवागढ़ से रक्षित केंद्र संबद्ध कर दिया गया है।
इसके साथ ही सहायक उपनिरीक्षक रामकृष्ण आदित्य के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
एसपी का स्पष्ट संदेश
पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में स्पष्ट संदेश गया है कि विवेचना में किसी भी स्तर की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। प्रकरण की जांच में तथ्यों और नामजद आरोपियों की सही पहचान सुनिश्चित करना विवेचक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और इसमें चूक पाए जाने पर जवाबदेही तय की जाएगी।










