"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

नगर पालिका कार्यालय में घुसकर कर्मचारी से मारपीट, पत्थर से सिर पर किया वार

गाली-गलौच, शासकीय दस्तावेज फाड़ने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप; अकलतरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा न्यायिक रिमांड पर

Kpn24.com जांजगीर-चांपा 28 सितंबर 2026

अकलतरा नगर पालिका परिषद के कार्यालय में घुसकर कर्मचारी के साथ मारपीट करने, शासकीय कार्य में बाधा डालने, दस्तावेज फाड़ने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले के आरोपी मनोज कुमार टण्डन (42 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 11, आजाद चौक अकलतरा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

शराब के नशे में कार्यालय पहुंचने का आरोप
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे नगर पालिका कार्यालय में कर्मचारी अपने शासकीय कार्य में व्यस्त था। इसी दौरान मनोज कुमार टण्डन कथित रूप से शराब के नशे में कार्यालय पहुंचा और कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौच एवं मारपीट करने लगा। इस दौरान आरोपी द्वारा शासकीय दस्तावेज फाड़ने और कार्यालयीन कार्य में बाधा उत्पन्न करने का भी आरोप है।
दोबारा पहुंचा कार्यालय, पत्थर से सिर पर किया वार
घटना के बाद आरोपी दोबारा नगर पालिका कार्यालय पहुंचा और कर्मचारी से इस बात को लेकर विवाद करने लगा कि उसके खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट क्यों दर्ज कराई गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सामने पड़े पत्थर से कर्मचारी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसके सिर से खून निकलने लगा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, तलाश के बाद गिरफ्तारी
प्रार्थी की शिकायत पर थाना अकलतरा में आरोपी के विरुद्ध धारा 121(1), 221, 132, 296, 351(3) एवं 115(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अकलतरा पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान आरोपी के अकलतरा क्षेत्र में घूमने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
ये रहे आरोपी के खिलाफ आरोप
नगर पालिका कार्यालय में घुसकर कर्मचारी से मारपीट
शासकीय कार्य में बाधा डालना
शासकीय दस्तावेज फाड़ना
गाली-गलौच एवं जान से मारने की धमकी
पत्थर से कर्मचारी के सिर पर वार करने का आरोप
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक जय कुमार साहू, उप निरीक्षक बी.एल. कोसरिया सहित थाना अकलतरा के पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More