
बेचने की फिराक में छिपाकर रखी थी मोटरसाइकिल, पूछताछ में चोरी करना स्वीकार
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 28 सितंबर 2026
चांपा रेलवे स्टेशन के पास से चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले में चांपा पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की गई पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG12-AT-4860 बरामद कर मामले में रायगढ़ जिले के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुशील देवांगन (43 वर्ष), निवासी बोईरदादर, थाना चक्रधर नगर, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सिवनी निवासी संतराम राठौर ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 सितंबर 2026 को किसान वस्त्रालय के सामने, चांपा रेलवे स्टेशन के पास खड़ी उसकी मोटरसाइकिल अज्ञात आरोपी चोरी कर ले गया। चोरी गई बाइक की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई थी। शिकायत पर थाना चांपा में अपराध दर्ज कर पुलिस ने आरोपी और वाहन की तलाश शुरू की।
सक्ती पुलिस की सूचना से खुला मामला
इसी दौरान चोरी गई मोटरसाइकिल के संबंध में थाना सक्ती पुलिस से महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस ने सुशील देवांगन को चोरी की मोटरसाइकिल छिपाकर रखने और उसे बेचने की फिराक में पाए जाने पर पकड़ा। सक्ती पुलिस ने मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया।
इसके बाद आवश्यक वैधानिक अनुमति प्राप्त कर आरोपी को उप जेल सक्ती से प्रोडक्शन वारंट के माध्यम से थाना चांपा लाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने उक्त मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद थाना चांपा पुलिस ने आरोपी की औपचारिक गिरफ्तारी कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की।
चांपा पुलिस की कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे एवं थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस ने चोरी के वाहन की बरामदगी के साथ आरोपी को भी कानून के शिकंजे में लेकर मामले का खुलासा किया।










