
मुखबिर की सूचना पर मुलमुला पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, ₹10 हजार की चोरी की लोहे की प्लेट बरामद
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 29 सितंबर 2026
जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के नरियरा स्थित जेएसडब्ल्यू प्लांट के सीएचपी कबाड़ क्षेत्र से लोहे की प्लेट सहित अन्य कबाड़ सामग्री चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई करीब ₹10 हजार कीमत की लोहे की प्लेट बरामद कर जब्त कर ली है। मामले में पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया।
करीब ₹85 हजार की सामग्री चोरी की शिकायत
पुलिस के अनुसार, जेएसडब्ल्यू प्लांट के सीएचपी कबाड़ क्षेत्र में रखे लोहे के कॉलम, स्पेश प्लेट, गैसेंट प्लेट, कबाड़ सामग्री और एलईडी लाइट सहित करीब ₹85 हजार की सामग्री अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई थी। मामले की रिपोर्ट प्रार्थी अश्वनी कुमार बंजारे ने मुलमुला थाने में दर्ज कराई।
रिपोर्ट के आधार पर थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 398/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना ने खोला चोरी का सुराग
विवेचना के दौरान 29 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भैसो निवासी प्रियांशु साहू चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में बनाहिल की ओर घूम रहा है। सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस ने बनाहिल चौक पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी उमेश जायसवाल के साथ नरियरा स्थित जेएसडब्ल्यू प्लांट के सीएचपी कबाड़ क्षेत्र से लोहे की प्लेट चोरी की थी।
अमर तालाब के पास छिपाकर रखी थी चोरी की प्लेट
आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने अमर तालाब के पास छिपाकर रखी गई एक नग लोहे की प्लेट, जिसकी अनुमानित कीमत ₹10 हजार है, बरामद कर विधिवत जब्त कर ली।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रियांशु साहू पिता महेन्द्र पाल साहू, उम्र 21 वर्ष, निवासी भैसो वार्ड क्रमांक 11, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 29 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक शिवानंद सिंह, थाना प्रभारी मुलमुला सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचना जारी है।










