
तहखाने और गुप्त कमरों में छिपाकर रखी थी देशी-विदेशी शराब व बीयर, 88,550 रुपये का माल बरामद
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 29 सितंबर 2026
2 अक्टूबर के शुष्क दिवस को देखते हुए अवैध शराब के कारोबारियों ने बिक्री की तैयारी शुरू कर दी थी, लेकिन अकलतरा पुलिस ने इससे पहले ही बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के मंसूबों पर पानी फेर दिया। पुलिस ने अकलतरा के वार्ड क्रमांक 12 स्थित गुरुघासीदास मोहल्ले में दबिश देकर मकान के तहखाने और गुप्त कमरों में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में देशी-विदेशी शराब और बीयर बरामद की।
पुलिस के अनुसार आरोपी टेकूलाल बंजारे (41 वर्ष), पिता परदेशी बंजारे, निवासी वार्ड क्रमांक 12, गुरुघासीदास मोहल्ला, अकलतरा के कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की कुल 184 लीटर शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 88,550 रुपये बताई गई है, जब्त की गई।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दबिश
पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय (भा.पु.से.) के निर्देशन में 2 अक्टूबर शुष्क दिवस के मद्देनजर जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 28 सितंबर को अकलतरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि टेकूलाल बंजारे ने अपने घर में बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर रखी है और शुष्क दिवस के दौरान इसकी बिक्री करने की तैयारी है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी के मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान तहखाने और गुप्त कमरों से अलग-अलग ब्रांड की शराब और बीयर बरामद हुई।
देशी से लेकर विदेशी शराब तक, क्या-क्या हुआ जब्त
पुलिस ने मौके से 180 मिलीलीटर की देशी प्लेन शराब की 610 नग, रोमियो देशी प्लेन की 128 नग, सुपर-30 देशी प्लेन की 21 नग, शेरा देशी मसाला की 7 नग, सुपर-30 मसाला की 17 नग बोतलें बरामद कीं।
इसके अलावा जम्मू स्पेशल व्हिस्की की 71 नग, ग्रांड कोलंबिया स्पेशल व्हिस्की की 57 नग, गोवा स्पेशल व्हिस्की की 9 नग, मेकडॉवेल नंबर-1 की 23 नग तथा सिम्बा एक्स्ट्रा बीयर की 22 नग बोतलें भी जब्त की गईं।
आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने कुल 184 लीटर अवैध शराब जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 587/2026 दर्ज किया। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी टेकूलाल बंजारे को 29 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
अवैध शराब कारोबारियों पर जारी रहेगा शिकंजा
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुष्क दिवस का उल्लंघन कर अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सूचना तंत्र को मजबूत करते हुए अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई करने की रणनीति अपनाई जा रही है।
इस कार्रवाई में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक जय साहू, सउनि दाउलाल बरेठ, म.प्र.आर. स्वाती गिरोलकर, आरक्षक महेन्द्र राज, शेषनारायण साहू, शैलेन्द्र राठौर, राजेन्द्र कहरा और कृष्णा पटेल का सराहनीय योगदान रहा।










