
चांपा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 23 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार; न्यायिक रिमांड पर भेजा
kpn24.com जांजगीर-चांपा 5 अक्टूबर 2026
जिले के चांपा थाना क्षेत्र के ग्राम उच्चभिट्ठी में जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद उस समय गंभीर हो गया, जब एक युवक ने घर में घुसकर मारपीट और धमकी दी। बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग को आरोपी ने जोरदार धक्का दे दिया। जमीन पर गिरने के कुछ देर बाद बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम उच्चभिट्ठी में करीब 9 डिसमिल जमीन, जिस पर मकान बना हुआ है, उसके बंटवारे को लेकर लोचन प्रसाद यादव, गोपी यादव और भरत यादव के परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान आरोपी राजकिरण यादव (23), पिता भरत लाल यादव, निवासी उच्चभिट्ठी, रमेश यादव के घर में घुस गया।
आरोप है कि आरोपी ने हाथ में धारदार ब्लेड लेकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए रमेश यादव के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान रमेश के पिता लोचन प्रसाद यादव बीच-बचाव करने पहुंचे। पुलिस जांच के मुताबिक आरोपी ने उन्हें सीने पर जोरदार धक्का दिया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े। कुछ देर बाद उनकी मृत्यु हो गई।
मर्ग जांच के बाद दर्ज हुआ अपराध
घटना की सूचना मिलने पर चांपा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मर्ग जांच के दौरान पंचनामा कार्रवाई की गई तथा सूचक रमेश यादव और प्रत्यक्षदर्शी गवाहों के बयान दर्ज किए गए। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया और शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त की गई।
जांच में प्रथम दृष्टया आरोपी के विरुद्ध धारा 105, 296, 351(3) और 333 बीएनएस के तहत अपराध घटित होना पाए जाने पर प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पूछताछ में संलिप्तता सामने आई, ब्लेड बरामद
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, आईपीएस के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में थाना चांपा पुलिस ने त्वरित विवेचना की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी राजकिरण यादव को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार किए जाने की पुलिस ने जानकारी दी। आरोपी के मेमोरण्डम के आधार पर घटना में प्रयुक्त स्टील का ब्लेड बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम की भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे एवं थाना चांपा के पुलिस कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।










