"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

छत्तीसगढ़ में पहली बार भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 श्रृंखला, बेटियों को मिलेगी नई प्रेरणा : मुख्यमंत्री साय

नवा रायपुर में ऐतिहासिक आयोजन से खेल, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा, मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

Kpn24.com रायपुर 20 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में पहली बार भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला का आयोजन नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तीसरे मुकाबले का आनंद लिया और दोनों टीमों की खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट से प्रदेश की बेटियों को प्रेरणा मिलेगी और वे खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित होंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
महिलाओं और बालिकाओं के लिए निःशुल्क प्रवेश
इस श्रृंखला के दौरान माताओं, बहनों और बेटियों के लिए स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं और बालिकाएं अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त कर सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में बड़े मुकाबलों के आयोजन से छत्तीसगढ़ की पहचान मजबूत होगी। इससे पहले यहां न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय मुकाबले तथा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के आईपीएल मैच आयोजित किए जा चुके हैं।
खेल आयोजनों से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलता है। इससे रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी पैदा होते हैं। राज्य सरकार नवा रायपुर को देश के प्रमुख खेल एवं आयोजन केंद्रों में शामिल करने की दिशा में कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 श्रृंखला प्रदेश की बेटियों को खेलों से जुड़ने की प्रेरणा देगी और छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज होगी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ एवं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पदाधिकारी, अधिकारी, खेल प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More