
शहीद स्मारक से अंबेडकर प्रतिमा स्थल तक कांग्रेस का पैदल मार्च, कचहरी चौक में पुतला दहन कर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 22 अक्टूबर 2026
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर कांग्रेस ने जांजगीर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारों के बीच कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर केंद्र सरकार तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान कचहरी चौक में मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया गया। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की गई।
नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामविलास राठौर के संयोजन में आयोजित इस प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल और विधायक ब्यास कश्यप सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेसजनों ने शहीद स्मारक से अंबेडकर प्रतिमा स्थल तक पैदल मार्च निकाला और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा तथा चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
एसआईआर प्रक्रिया पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पार्टी ने आशंका जताई कि इस प्रक्रिया में वास्तविक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा सकते हैं। कांग्रेस का कहना है कि मतदाता सूची से जुड़े सभी सवालों का पारदर्शी तरीके से समाधान होना चाहिए, ताकि चुनाव व्यवस्था पर जनता का विश्वास कायम रहे।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मताधिकार की सुरक्षा लोकतंत्र की बुनियाद है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि ‘वोट चोरी, गद्दी छोड़’ अभियान के माध्यम से मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की मांग आगे भी जारी रहेगी।
विधायक ब्यास कश्यप ने रखीं तीन प्रमुख मांगें
विधायक ब्यास कश्यप ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया में सुधार और लोकतंत्र की मजबूती के लिए जवाबदेही तय करना जरूरी है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के तत्काल इस्तीफे, एसआईआर प्रक्रिया रद्द करने और देश में मतपत्र यानी पेपर बैलेट से मतदान की व्यवस्था बहाल करने की मांग दोहराई।
विधायक ने कहा कि जब तक इन मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, कांग्रेस का विरोध अभियान जारी रहेगा। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा को लोकतंत्र के लिए अनिवार्य बताया।
चुनाव आयोग की निष्पक्षता और जवाबदेही पर उठाए सवाल
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता और जवाबदेही को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण और डिजिटल आंकड़ों से संबंधित निर्णयों पर कथित असहमतियों को लेकर मीडिया में प्रकाशित खबरों का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनाव आयोग को उठ रहे सवालों का तथ्यात्मक जवाब देना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनाव आयोग देश की महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्था है। उसकी निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना आवश्यक है। मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामविलास राठौर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, विधायक ब्यास कश्यप, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष रमेश पैगवार एवं भगवानदास गढ़वाल, महामंत्री विवेक सिंह सिसोदिया, शिशिर द्विवेदी, अजीत सिंह राणा, ऋषिकेश उपाध्याय, राइस किंग खूंटे, सेवादल जिला संयोजक देव कुमार पांडे, असंगठित मजदूर प्रकोष्ठ के जिला प्रमुख चंद्रप्रकाश ओग्रे भाकू और युवा कांग्रेस नेता आकाश तिवारी सहित अनेक कांग्रेसजन शामिल हुए।










