
कलेक्टर और एसपी ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए निर्देश, शिवरीनारायण सहित महानदी-हसदेव के आसपास के क्षेत्रों में बढ़ाई जाएगी निगरानी
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 25 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान के प्रभाव से 27 से 29 अक्टूबर तक बारिश होने की संभावना को देखते हुए जांजगीर-चांपा जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। संभावित बारिश, जलभराव और नदी के आसपास के क्षेत्रों में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं
कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए।
शिवरीनारायण समेत नदी किनारे के क्षेत्रों पर विशेष निगरानी
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 से 29 अक्टूबर के बीच प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए कलेक्टर और एसपी ने शिवरीनारायण सहित महानदी एवं हसदेव नदी के आसपास के क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा है। नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क करने के लिए मुनादी कराने तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने और जलभराव से निपटने के निर्देश
बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। जिला एवं तहसील स्तर पर आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने के साथ ही संबंधित विभागों को अपने मैदानी अमले के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा गया है।
नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों को संभावित जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बांधों से पानी छोड़े जाने की स्थिति पर भी रहेगी नजर
गंगरेल एवं बांगो बांध से पानी छोड़े जाने की स्थिति में संबंधित विभागों को समय पर सूचनाओं का आदान-प्रदान करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही जिला आपदा राहत बल (डीडीआरएफ) को आवश्यक संसाधनों और तैयारियों के साथ सतर्क रहने तथा राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा गया है।
प्रशासन की नागरिकों से अपील—सावधानी बरतें
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी सूचनाओं पर ध्यान दें तथा आवश्यक सावधानियां बरतें। विशेष रूप से नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोग सतर्क रहें और किसी भी संभावित खतरे को नजरअंदाज न करें।
बैठक में अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।










