
मनीष विद्यार्थी बुरहानपुर मध्य प्रदेश
17 वर्षों से निरंतर हो रहा विशाल भंडारे का आयोजन, सर्वधर्म सद्भाव और मानव सेवा का दिया संदेश
Kpn24.com बुरहानपुर 26 अक्टूबर 2026
शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुरहानपुर के खैराती बाजार स्थित खातू घाट के बालाजी मंदिर में आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। बालाजी महाराज के दरबार में आयोजित विशाल भंडारे में करीब तीन हजार श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। भक्ति, सेवा और समर्पण से सराबोर इस आयोजन में सभी धर्मों के लोगों ने सहभागिता कर सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की।
17 वर्षों से निरंतर हो रहा भंडारे का आयोजन
आयोजक सुनील कंसे ने बताया कि शरद पूर्णिमा के अवसर पर बालाजी महाराज के दरबार में पिछले 17 वर्षों से लगातार विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने बालाजी महाराज के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और श्रद्धापूर्वक प्रसादी ग्रहण की।
सर्वधर्म सद्भाव और मानव सेवा का संदेश
भंडारे की सबसे खास बात यह रही कि इसमें सभी धर्मों के लोगों ने शामिल होकर प्रसादी ग्रहण की। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि सेवा, श्रद्धा और मानवता की भावना समाज को जोड़ने का काम करती है। धार्मिक आयोजन के माध्यम से आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।
जयकारों से गूंजा बालाजी महाराज का दरबार
भंडारे के दौरान बालाजी महाराज के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने बालाजी महाराज के समक्ष शीश नवाकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। आयोजन में शहर के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भी पहुंचकर प्रसादी ग्रहण की।
शरद पूर्णिमा पर आयोजित इस विशाल भंडारे ने एक बार फिर साबित किया कि धार्मिक आस्था के साथ जब सेवा और समर्पण की भावना जुड़ती है, तो ऐसे आयोजन समाज में एकता और सद्भाव की मजबूत नींव रखते हैं।










