"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

बाबा कार्तिक उरांव के नाम पर होगा इंजीनियरिंग कॉलेज, सीतापुर को 28 करोड़ की फोरलेन सड़क की सौगात

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जन्मशताब्दी पर प्रतिमा का किया अनावरण, पुलिस आवासीय भवनों का भी लोकार्पण

Kpn24.com रायपुर 29 अक्टूबर 2026

जनजातीय समाज के महान जननायक एवं प्रख्यात अभियंता बाबा कार्तिक उरांव की जन्मशताब्दी पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से सरगुजा में आयोजित समारोह में बाबा कार्तिक उरांव की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। साथ ही शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, डिगमा, अंबिकापुर का नाम बदलकर ‘अभियंता बाबा कार्तिक उरांव छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, अंबिकापुर’ करने की घोषणा की।

सीतापुर को 28 करोड़ की सड़क की सौगात
मुख्यमंत्री ने सीतापुर क्षेत्र में सोनतराई से सूर तक 3.82 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया। इस परियोजना पर 28 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। सड़क बनने से आवागमन सुगम होने के साथ क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
शिक्षा और जनजातीय अधिकारों के लिए समर्पित रहा जीवन
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव ने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और संगठन के माध्यम से जनजातीय समाज को प्रगति की राह दिखाई। उन्होंने संसद में जनजातीय समाज के अधिकारों और सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण के लिए प्रभावशाली आवाज उठाई। उनका जीवन आज भी नई पीढ़ी को शिक्षा प्राप्त करने और समाज के विकास में योगदान देने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके नाम पर इंजीनियरिंग महाविद्यालय का नामकरण विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। राज्य सरकार जनजातीय महापुरुषों की गौरवशाली विरासत को सहेजने और उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
पुलिसकर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन द्वारा निर्मित महिला मेस भवन तथा उदयपुर और सीतापुर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए बनाए गए आवासीय भवनों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने से उनके कार्य और जीवन स्तर में सुधार होगा।
बस्तर में विकास और शांति पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध मिली सफलताओं से बस्तर में शांति और विकास की नई संभावनाएं खुली हैं। सरकार का लक्ष्य दूरस्थ गांवों तक सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रदेश के युवाओं, किसानों, महिलाओं और जनजातीय समाज को विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में जनजातीय विकास मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद चिंतामणि महाराज सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More