
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन होंगे मुख्य अतिथि, स्मृति ईरानी ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों में तेजी लाने के दिए निर्देश
Kpn24.com रायपुर/धरमजयगढ़ 11 नवंबर 2026
महान जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन में जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को रेखांकित किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने राज्य प्रभारी स्मृति ईरानी धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान पहुंचीं। उन्होंने मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, पार्किंग और आवागमन सहित तमाम व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने तथा अतिथियों और आम नागरिकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा विशेष प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आजीविका, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और रोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। स्मृति ईरानी ने प्रदर्शनी को आकर्षक और जनोपयोगी बनाने पर जोर दिया, ताकि युवा पीढ़ी जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से परिचित हो सके।
स्मृति ईरानी ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल वीर जनजातीय नायकों के बलिदान को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके संघर्ष, साहस और स्वाभिमान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को मजबूत करने का संकल्प भी है।
वहीं वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदर्शनी स्टॉलों में शासन की योजनाओं और उनके लाभ की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह सहित जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
15 नवंबर को धरमजयगढ़ में आयोजित यह समारोह जनजातीय समाज के गौरव, स्वाभिमान, सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को सम्मान देने के साथ सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण का संदेश दे रहा है।










