
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 12 नवंबर 2026
कलश यात्रा भागवत कथा की शुरुआत का एक महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान है। इसमें पारंपरिक परिधानों और स्वर्ण आभूषणों से सुसज्जित महिलाएं सिर पर कलश रखकर भजन-कीर्तन के साथ कथा स्थल तक जाती हैं। धार्मिक अनुष्ठान में सहभागी परिवार के सदस्य एवं वरिष्ठ पत्रकार शशिभूषण सोनी ने बताया कि कलश को जल तत्व और भगवान विष्णु का प्रतीक माना जाता है, इसलिए इस यात्रा से कथा स्थल की शुद्धि होती है और देवी-देवताओं का आह्वान किया जाता है।
हनुमान चौक, सोनार पारा (चांपा) निवासी रमेश कुमार एवं श्रीमती राधा देवी सराफ परिवार द्वारा 12 नवंबर 2026 को सायंकाल 5:00 बजे नगर के ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ बड़े मठ मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण के विग्रह को लेकर गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा सोनार पारा, समलेश्वरी मंदिर, सदर बाजार, दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर और हटवारा चौक होते हुए कथा स्थल तक पहुंची। भागवताचार्य पंडित राजकुमार शर्मा जी की कथा से पूर्व मुख्य यजमान ऋषि-निधि सराफ, संजय-सुमन सराफ तथा श्रीमती सविता-अनिल सराफ की अगुवाई में सैकड़ों महिलाएं बड़े मठ मंदिर से कथा स्थल तक सिर पर कलश लेकर पंक्तिबद्ध होकर चलीं।
सराफ परिवार द्वारा 12 से 19 नवंबर तक शिवान्या रेजिडेंस, पुराना कॉलेज रोड (चांपा) में इस कथा का आयोजन किया जा रहा है। जगन्नाथ मंदिर, समलेश्वरी मंदिर और हनुमान मंदिर से राजा पारा होते हुए कंवर पारा तक निकली इस यात्रा में कथा वाचक आचार्य पं. राजकुमार शर्मा जी (मां सिद्धिदात्री दरबार, सरवानी-बम्हनीडीह) एक सुसज्जित वाहन पर सवार होकर नगरवासियों को कथा श्रवण का निमंत्रण देते हुए चल रहे थे। इस पावन यात्रा में स्वर्णकार समाज के केंद्राध्यक्ष जयदेव सोनी सहित शिवराम, मधुसूदन, अशोक कुमार, दिनेश, नारायण प्रसाद, राजा, ठंडाराम, संतोष, विजय, सतीश, महावीर सोनी, संतोष सराफ, जयकिशन, अनिमेष, शिवन्या, रुद्रांश, शिवांश, ऋषिका (ज्ञषिका) और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
डॉ. एम. एल. सोनार और शशिभूषण सोनी ने कहा कि कलश यात्रा केवल एक शोभायात्रा भर नहीं, बल्कि भक्ति, श्रद्धा और संस्कृति का एक अद्भुत संगम है। कलश में रखे जल, आम के पत्तों और नारियल को शुभता एवं समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। यात्रा के दौरान महिलाओं के भजन-कीर्तन और पारंपरिक कर्मा वाद्ययंत्रों की धुन पर नृत्य से पूरे नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया। आयोजक रमेश सराफ ने समस्त नगरवासियों से सपरिवार उपस्थित होकर श्रीमद्भागवत कथामृत एवं सत्संग का लाभ लेने का सादर आग्रह किया है।










