
Kpn24.com बिलासपुर 14 नवंबर 2026
बच्चों की प्रतिभा को मंच देने और उनके भीतर छिपी रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 14 नवंबर बाल दिवस के अवसर पर घुरू, बिलासपुर स्थित एक्टिविटी सेंटर में हर्षोल्लास के साथ बाल दिवस समारोह आयोजित किया गया। मितवा संस्था के सहयोग से हुए इस आयोजन में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन, विचारों और बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह को याद करते हुए की गई। इस दौरान बच्चों के लिए रंगोली, मेहंदी, पेंटिंग, चित्रकला, पेंसिल कला, नृत्य, भाषण, निबंध लेखन और वेशभूषा प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
प्रतियोगिताओं में नन्हे प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास और उत्साह के साथ अपनी कला का प्रदर्शन किया। किसी ने रंगों के माध्यम से अपनी कल्पनाओं को साकार किया, तो किसी ने नृत्य और भाषण से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वेशभूषा प्रतियोगिता में बच्चों ने महान व्यक्तित्वों और महापुरुषों के रूप धारण कर अपनी आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
समारोह का विशेष आकर्षण प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों का पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह रहा। पुरस्कार प्राप्त करते ही बच्चों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास की चमक दिखाई दी। आयोजन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर देना भी रहा।
इस अवसर पर मितवा संस्था की ओर से सुनीता दास, तृप्ति एवं दीपिका विशेष रूप से उपस्थित रहीं। वहीं एक्टिविटी सेंटर की शिक्षिका आरती यादव ने कार्यक्रम के सफल आयोजन और संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक बच्चा विशेष है और हर बच्चे के भीतर कोई न कोई प्रतिभा छिपी होती है। आवश्यकता है उसे पहचानने, प्रोत्साहित करने और आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर उपलब्ध कराने की।
मितवा संस्था के सहयोग और सामूहिक प्रयासों से आयोजित यह समारोह बच्चों के लिए खुशियों, रचनात्मकता और नई सीख का यादगार अवसर बन गया। आयोजन ने यह भी रेखांकित किया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल, कला, संस्कार और रचनात्मक गतिविधियां भी बेहद जरूरी हैं।










