"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

धान खरीदी में किसानों का रकबा छीन रही सरकार! कांग्रेस ने दी राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने की चेतावनी

किसानों के हक की लड़ाई में सड़क पर उतरी जिला कांग्रेस, चेतावनी रैली निकाल कलेक्ट्रेट का किया घेराव, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Kpn24.com जांजगीर-चांपा 16 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था को लेकर किसानों की बढ़ती परेशानियों ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। रकबा समर्पण के कथित दबाव, रकबा संशोधन में अड़चनें और पोर्टल की तकनीकी खामियों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस ने चेतावनी रैली निकालकर कलेक्ट्रेट का घेराव किया और किसानों की समस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग करते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने दो टूक कहा कि यदि किसानों को राहत नहीं मिली तो आंदोलन और उग्र होगा तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम किया जाएगा।

किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

चेतावनी रैली में अकलतरा विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह, जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप, पामगढ़ विधायक श्रीमती शेषराज हरबंश और जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू सहित जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, ब्लॉक एवं मंडल कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी, किसान और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेसजनों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च किया और कलेक्ट्रेट पहुंचकर घेराव किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों और प्रशासनिक अव्यवस्थाओं के चलते अन्नदाता अपने ही खेत में पैदा किए गए धान को बेचने के लिए परेशान हो रहा है। कांग्रेस ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जल, जंगल और जमीन के बाद अब किसानों के खेतों का रकबा भी छीना जा रहा है। किसानों के अधिकारों पर कुठाराघात किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

रकबा समर्पण से लेकर पोर्टल की खामियों तक, किसानों की बढ़ी मुश्किलें

जिला कांग्रेस कमेटी ने धान खरीदी व्यवस्था में गंभीर समस्याओं का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों पर जबरन रकबा समर्पण का दबाव बनाया जा रहा है। रकबा संशोधन की जटिल प्रक्रिया, बचत धान के भौतिक सत्यापन में परेशानी, एग्रीस्टेक पंजीयन की समस्याएं, पीवी एप्लिकेशन की तकनीकी खामियां और भुइयां पोर्टल में दर्ज विभागीय त्रुटियां किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई हैं।

कांग्रेस के अनुसार, इन समस्याओं के चलते किसान खरीदी केंद्रों से लेकर सरकारी कार्यालयों तक चक्कर काटने को मजबूर हैं। समय पर समस्याओं का समाधान नहीं होने से किसानों की उपज बिक्री और आर्थिक हित प्रभावित हो रहे हैं।

कांग्रेस ने रखीं किसानों के हित में प्रमुख मांगें

कांग्रेस ने शासन-प्रशासन से मांग की कि किसानों पर जबरन रकबा समर्पण का दबाव तत्काल बंद किया जाए। रकबा संशोधन की प्रक्रिया सरल और पारदर्शी बनाई जाए। बचत धान का भौतिक सत्यापन निष्पक्ष तरीके से किया जाए। एग्रीस्टेक पंजीयन, पीवी एप्लिकेशन और भुइयां पोर्टल में मौजूद तकनीकी एवं विभागीय त्रुटियों का शीघ्र निराकरण किया जाए, ताकि वास्तविक किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो राष्ट्रीय राजमार्ग पर होगा चक्काजामम

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों के सम्मान, अधिकार और मेहनत की कमाई की रक्षा के लिए कांग्रेस निर्णायक लड़ाई लड़ने को तैयार है। यदि शासन-प्रशासन ने किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया, तो जिला कांग्रेस कमेटी व्यापक महाधरना-प्रदर्शन आयोजित करेगी और राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम करने के लिए बाध्य होगी।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि इस आंदोलन की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। अब देखना होगा कि किसानों की समस्याओं को लेकर उठी इस आवाज पर प्रशासन कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है।

बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और किसान रहे उपस्थित

चेतावनी रैली एवं कलेक्ट्रेट घेराव में श्रीमती मंजू सिंह, गुलजार सिंह, मोतीलाल देवांगन, दिनेश शर्मा, रविशेखर भारद्वाज, पूर्णनेंद्र सिंह, रफीक सिद्धिकी, विवेक सिंह सिसोदिया, रमेश पैगवार, भगवान दास गड़ेवाल, शिशिर द्विवेदी, भविष्य चंद्राकर, गिरधारी यादव, कन्हैया राठौर, नारायण खांडेलिया, रामलाल यादव, कमल कका, मनोज तिवारी, प्रिंस शर्मा, राघवेंद्र प्रताप सिंह, हरप्रसाद साहू, उत्तम पाटले, किशन सोनी, हरीश पाण्डेय, नागेंद्र गुप्ता, अजय दिव्य, पंकज शुक्ला सहित विभिन्न ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More