"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

आधी कीमत में सरिया दिलाने का झांसा देकर दुकानदारों से करीब 4 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

एक महीने में दो हार्डवेयर कारोबारियों को बनाया निशाना, फर्जी विजिटिंग कार्ड और मोबाइल के जरिए रचते थे ठगी का जाल; नवागढ़ पुलिस ने बिलासपुर से मुख्य आरोपी को दबोचा

Kpn24.com जांजगीर-चांपा 17 नवंबर 2026

बाजार में आधी कीमत पर सरिया (छड़) दिलाने का लालच देकर कारोबारियों को ठगी का शिकार बनाने वाले गिरोह का नवागढ़ पुलिस ने पर्दाफाश किया है। आरोपियों ने सस्ते दाम पर सरिया उपलब्ध कराने का झांसा देकर एक महीने के भीतर दो लोगों से करीब 4 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। शिकायतों के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के आधार पर मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव और उसके सहयोगी राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

फोन-पे से 80 हजार रुपये लिए, फिर मोबाइल बंद कर हुए गायब

पुलिस के अनुसार, सिउड़ निवासी किशन राठौर ने 15 अक्टूबर 2026 को थाना नवागढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि पुरुषोत्तम यादव और राजेश कुमार उसके पास पहुंचे और आधी कीमत पर सरिया दिलाने का भरोसा दिलाया। उनकी बातों में आकर किशन राठौर ने फोन-पे के माध्यम से 80 हजार रुपये दे दिए। रकम मिलते ही दोनों ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। मामले में अपराध क्रमांक 338/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सरिया की गाड़ी पहुंची, लेकिन भुगतान से पहले ही रकम लेकर फरार हुआ आरोपी

ठगी का दूसरा मामला अवरिद निवासी चंद्रशेखर कश्यप से जुड़ा है। आरोप है कि पुरुषोत्तम यादव ने सस्ते दाम पर सरिया दिलाने का झांसा देकर उससे 2 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की। आरोपी ने शिवरीनारायण के एक सरिया विक्रेता से संपर्क कर अवरिद में सरिया पहुंचाने की बात कही। साथ ही चंद्रशेखर कश्यप को भी रकम तैयार रखने को कहा।

जब सरिया की गाड़ी अवरिद पहुंची तो आरोपी रकम लेकर फरार हो गया। बाद में जब शिवरीनारायण के दुकानदार ने सरिया के भुगतान की मांग की, तब पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। इस मामले में भी थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 339/26 दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के विश्लेषण से मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में आरोपियों की तलाश तेज की गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी के बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। पतासाजी के दौरान जानकारी मिली कि आरोपी कई वर्षों से अपने पुराने पते पर नहीं रह रहा है और बिलासपुर जिले के जांजी क्षेत्र में रह रहा है।

इसके बाद पुलिस टीम रवाना की गई और घेराबंदी कर मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव को पकड़ लिया गया।

फर्जी विजिटिंग कार्ड और बैंक खाते से जुड़े साक्ष्य जब्त

पूछताछ के दौरान आरोपी के बैंक खाते, मोबाइल फोन और फर्जी विजिटिंग कार्ड जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सह आरोपी राजेश कुमार के साथ मिलकर ठगी करना स्वीकार किया। दोनों के विरुद्ध पर्याप्त अपराध साक्ष्य पाए जाने पर उन्हें 17 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

पुरुषोत्तम यादव, उम्र 37 वर्ष, निवासी सिपत थाना सिपत, जिला बिलासपुर, वर्तमान निवासी जांजी (सिपत), जिला बिलासपुर।

राजेश कुमार, उम्र 38 वर्ष, निवासी सिउड़, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय, निरीक्षक भास्कर शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक लम्बोदर सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा तथा आरक्षक रोहित कहरा, प्रतीक सिंह और अंजना लकड़ा का सराहनीय योगदान रहा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More