"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

आखिरी सांस तक लड़े 114 रणबांकुरे: बलौदा में गूंजा रेजांगला के वीरों का शौर्य, 114 दीपों से दी गई श्रद्धांजलि

Kpn24.com बलौदा 19 नवंबर 2026

18 नवम्बर 1962 के उस ऐतिहासिक बलिदान की याद में बलौदा नगर बुधवार शाम देशभक्ति और जोश से सराबोर नजर आया। यादव समाज की अगुवाई में आयोजित रेजांगला शौर्य दिवस के मौके पर मीरा होटल से गांधी चौक तक भव्य शौर्य एवं कैंडल मार्च निकाला गया। हाथों में जलती मोमबत्तियां और जुबां पर भारत माता व शहीदों के जयकारे लिए बड़ी संख्या में नगरवासी, युवा, माताएं-बहनें और जनप्रतिनिधि मार्च में शामिल हुए। गांधी चौक पहुंचकर 1962 के युद्ध में प्राण न्यौछावर करने वाले 114 वीर जवानों की स्मृति में 114 दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

​कार्यक्रम के दौरान सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं का विशेष रूप से हौसला बढ़ाया गया और उन्हें राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सीमा पर प्राण देने वाले जांबाजों का स्मरण करना और नई पीढ़ी में देशप्रेम की अलख जगाना हर नागरिक का दायित्व है।

​“जीतता है या शहीद होता है”—कृपाशंकर यादव ने सुनाई 1962 के रणबांकुरों की गाथा

​कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यादव समाज के संरक्षक कृपाशंकर यादव ने 18 नवम्बर 1962 की लद्दाख स्थित रेजांगला चौकी की ऐतिहासिक लड़ाई का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 13 कुमाऊं रेजिमेंट की चार्ली कंपनी का नेतृत्व कर रहे मेजर शैतान सिंह भाटी (परमवीर चक्र) और उनके रणबांकुरों का संकल्प अडिग था— “अहीर पीछे नहीं हटता… जीतता है या शहीद होता है।”

​उन्होंने बताया कि 120 जवानों की टुकड़ी में से 114 जवान वीरगति को प्राप्त हुए, लेकिन किसी ने भी मोर्चा नहीं छोड़ा। आखिरी गोली और आखिरी सांस तक लड़ते हुए वीरों ने चीनी सेना को भारी नुकसान पहुंचाया और आखिरकार दुश्मन को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। मेजर शैतान सिंह को मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि इसी अदम्य साहस और बलिदान से प्रेरित होकर कवि प्रदीप ने कालजयी गीत “ऐ मेरे वतन के लोगों” लिखा, जिसे लता मंगेशकर ने अमर स्वर दिया।

​“बलौदा अपने शहीदों को भूला नहीं है”—कविता डहरिया

​नगर पंचायत बलौदा की अध्यक्ष श्रीमती कविता डहरिया ने आयोजन को संबोधित करते हुए कहा कि आज की यह उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि बलौदा अपने अमर शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने नगरवासियों से आह्वान किया कि वे आने वाली पीढ़ी को अपने वीरों की शौर्यगाथा सुनाएं और मातृभूमि की रक्षा व सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लें।

​इस अवसर पर जनपद पंचायत बलौदा के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया राठौर, सरपंच संघ बलौदा ब्लॉक के अध्यक्ष नवल किशोर सिंह, पार्षद दिलहरण दिवाकर, दुग्ध उत्पादक संघ के अध्यक्ष महेश यादव, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सदन यादव, जन्माष्टमी महोत्सव यादव समाज के अध्यक्ष योगेंद्र यादव, कृपाशंकर यादव, भागवत यादव, लखन यादव गुरु जी, बलदाऊ यादव, धर्मेंद्र यादव, दीपांकर यादव, शत्रुहन यादव, रमाकांत यादव, बबलू यादव, भीलहिया यादव और मनोज कुमार यादव सहित समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक व बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More