
KPN24.com जांजगीर-चांपा 27 मार्च 2026
जिले में डकैती के एक सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पकड़ने में थाना शिवरीनारायण पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले में पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था, जबकि शेष आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुदीप कुमार (निवासी राहौद, शिवरीनारायण) के घर 19 मार्च की सुबह करीब 8 बजे चार बदमाश जबरन घुस आए। आरोपियों ने घर के भीतर से दो महंगे एप्पल मोबाइल (कीमत लगभग ₹80,000) और एक सैमसंग कीपैड मोबाइल सहित अन्य सामान चोरी कर लिया।
घटना के दौरान जब प्रार्थी और उसकी पत्नी ने विरोध किया, तो आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट करते हुए उन्हें जमीन पर पटक दिया। शोर मचाने पर एक आरोपी प्रियेश कुमार बर्मन को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि बाकी तीन आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी प्रियेश कुमार बर्मन को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। वहीं फरार आरोपी रवि निर्मलकर उर्फ बिल्लू और श्यामजी सिन्हा उर्फ बूटी की लगातार तलाश की जा रही थी।
मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों फरार आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
रवि निर्मलकर उर्फ बिल्लू (22 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 14, अकलतरा
श्यामजी सिन्हा उर्फ बूटी (24 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 15, अकलतरा
इस पूरे मामले में अपराध क्रमांक 96/2026 के तहत धारा 331(5), 305(ए), 3(5) BNS के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफलता में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में सउनि आर.पी. बघेल, प्रधान आरक्षक तारिकेश पाण्डेय, आरक्षक श्रीकांत सिंह, विवेक सिंह, यशवंत पाटले तथा पुलिस सहायता केंद्र राहौद की टीम का विशेष योगदान रहा।










