
KPN24.com जांजगीर-चांपा 27 मार्च 2026
जिले में नाबालिग बालिका के अपहरण के सनसनीखेज मामले में नवागढ़ पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित एक सहयोगी युवती को गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया है।
बताया जा रहा है कि 6 मार्च 2026 की दरमियानी रात एक नाबालिग बालिका को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया गया था। इस गंभीर घटना की सूचना मिलते ही थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 90/2026 धारा 137(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
ऋषिकेश से सकुशल बरामद हुई नाबालिग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए बालिका को ऋषिकेश से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी नकुल कश्यप (27 वर्ष, निवासी झूलन, थाना पामगढ़) ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
साजिश में शामिल युवती भी गिरफ्तार
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि एक युवती ने बालिका को भगाने में आरोपी का साथ दिया था, जिसे भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरे ऑपरेशन में थाना नवागढ़ के प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पांडे, प्रधान आरक्षक प्रेमलाल दिवाकर एवं पुलिस टीम की तत्परता और सजगता ने अहम भूमिका निभाई, जिसकी जिलेभर में सराहना हो रही है।










