
KPN24.com रायपुर 31 मार्च 2026
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज के मुख्यालय सेवा भवन में आज भावनाओं से भरा एक गरिमामय समारोह आयोजित हुआ, जहां वर्षों तक अपनी निष्ठा, अनुभव और उत्कृष्ट कार्यशैली से संस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले वरिष्ठ अधिकारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
कार्यपालक निदेशक (वित्त) आलोक सिंह और अतिरिक्त महाप्रबंधक (जनसंपर्क) उमेश कुमार मिश्र सहित कुल 8 अधिकारी-कर्मचारियों को अधिवार्षिकी पूर्ण होने पर सम्मानित किया गया।
समारोह में प्रबंध निदेशक (जनरेशन) एस. के. कटियार, प्रबंध निदेशक (ट्रांसमिशन) राजेश कुमार शुक्ला, प्रबंध निदेशक (डिस्ट्रीब्यूशन) भीम सिंह कंवर तथा निदेशक आर.ए. पाठक ने प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर दोनों अधिकारियों के योगदान को नमन किया।
अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि आलोक सिंह और उमेश मिश्र ने अपने अनुभव, नेतृत्व और प्रतिबद्धता से पावर कंपनीज के विकास को नई दिशा और गति दी। तीनों कंपनियों में उनकी सेवाएं हमेशा प्रेरणास्रोत रहेंगी।
नवाचारों से मिली पहचान, ‘A ग्रेड’ तक पहुंची कंपनी
अपने सेवाकाल को याद करते हुए आलोक सिंह ने कहा कि पावर कंपनीज ने पिछले कुछ वर्षों में नवाचारों और सुधारात्मक कदमों के जरिए उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के ऊर्जा मंत्रालय की 14वीं रिपोर्ट में डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी को ‘A ग्रेड’ मिलना इसी सतत प्रयास का परिणाम है।
24 साल की संघर्षपूर्ण यात्रा, सफलता की मिसाल बनी उमेश कुमार मिश्र ने अपने भावुक संबोधन में पत्रकारिता से लेकर अविभाजित मध्यप्रदेश विद्युत मंडल, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज और मुख्यमंत्री सचिवालय तक की 24 वर्षों की लंबी यात्रा को साझा किया।
उन्होंने कहा कि चुनौतियां कई थीं, लेकिन सहयोग और समर्पण से हर लक्ष्य समयबद्ध तरीके से हासिल किया गया।
दोनों अधिकारियों ने प्रबंधन, सहकर्मियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गरिमामय उपस्थिति और भावनात्मक माहौल
कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशकगण, मुख्य अभियंता, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सेवानिवृत्त अधिकारियों के योगदान को याद करते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय और मंगलमय जीवन की कामना की।
इसके साथ ही ट्रांसमिशन कंपनी में आयोजित एक अन्य समारोह में भी कई अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम का संचालन और आभार प्रदर्शन अधिकारियों द्वारा किया गया, जिससे पूरे आयोजन का वातावरण सम्मान और संवेदनाओं से ओतप्रोत रहा।










