"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मक्का की पूरी फसल सूखकर बर्बाद, किसानों ने खराब बीज को ठहराया जिम्मेदार

जांच और मुआवजे की मांग, विक्रेता ने आरोपों को बताया निराधार

KPN24.com मनीष विद्यार्थी, बड़वानी

जिले के ग्राम सजवानी में मक्का की पूरी फसल सूखकर बर्बाद होने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। प्रभावित किसानों ने खराब बीज को इसके लिए जिम्मेदार बताते हुए मामले की जांच और मुआवजे की मांग की है।

जानकारी के अनुसार किसान संजय बर्फा (पिता हेमचंद बर्फा) और काना (पिता बाबुल राठौर) ने सेगांव फाटा, बड़वानी स्थित शिव एग्रो से मक्का की 9459 सिखर किस्म का बीज खरीदा था। किसानों का आरोप है कि बीज विक्रेता ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि इस बीज में “सुखने की बीमारी” नहीं आएगी और फसल अच्छी होगी, लेकिन कुछ ही समय बाद पूरी फसल सूखने लगी।
बिना भुट्टे के ही सूख गई पूरी फसल
किसानों के मुताबिक शुरुआत में फसल सामान्य रही, लेकिन कुछ समय बाद पौधे अचानक सूखने लगे। स्थिति इतनी खराब हो गई कि पूरी फसल खेतों में ही सूखकर नष्ट हो गई और पौधों में भुट्टा तक नहीं लगा। इससे किसानों को उत्पादन का एक भी दाना नहीं मिल पाया।
पीड़ित किसान संजय बर्फा ने बताया कि बीज खरीदते समय दुकानदार ने भरोसा दिलाया था कि इस बीज से बीमारी नहीं आएगी और फसल अच्छी होगी, लेकिन पूरी फसल सूख जाने से उन्हें भारी नुकसान हुआ है।
कृषि विभाग से की जांच और मुआवजे की मांग
मामले को लेकर किसानों ने राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के माध्यम से कृषि विस्तार अधिकारी, कृषि विभाग बड़वानी को लिखित आवेदन सौंपा है। आवेदन में बीज की गुणवत्ता की जांच कर संबंधित कंपनी और विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई करने तथा किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की गई है। किसानों ने बीज खरीद का बिल भी आवेदन के साथ संलग्न किया है।
विक्रेता का पक्ष – बीज में नहीं, बीमारी या जमीन में हो सकती है समस्या
वहीं शिव एग्रो के संचालक राधेश्याम काग ने किसानों के आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि यदि बीज में खराबी होती तो अंकुरण ही नहीं होता या पौधे विकसित नहीं होते।
उन्होंने बताया कि यह समस्या “विल्ट” बीमारी के कारण भी हो सकती है, जो वर्तमान में कई मक्का वैरायटी में देखी जा रही है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जमीन की उर्वरता, पोषक तत्वों की कमी या मौसमी प्रभाव भी इसकी वजह हो सकते हैं।
राधेश्याम काग ने कहा कि उनके यहां से कई किसानों ने यही बीज खरीदा है, लेकिन इस तरह की शिकायत कहीं और से नहीं आई है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि मामले की जांच होती है तो वे पूरा सहयोग करेंगे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More