"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

इंस्टाग्राम पर अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर 70 हजार की मांग, दो आरोपी गिरफ्तार

कोतवाली जांजगीर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो मोबाइल जब्त – दोनों आरोपी भेजे गए जेल

KPN24.com जांजगीर-चांपा 03 अप्रैल 2026

जांजगीर-चांपा जिले में सोशल मीडिया के जरिए ब्लैकमेलिंग करने वाले दो युवकों को सिटी कोतवाली जांजगीर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों द्वारा इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक पोस्ट कर युवती की फोटो वायरल करने की धमकी देकर 70 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर दोनों आरोपियों को पकड़ते हुए घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी को आरोपियों ने पहले दोस्ती के बहाने प्रेम जाल में फंसाया। इसके बाद दिसंबर 2025 से युवती की अश्लील फोटो और वीडियो उसके परिवार तथा रिश्तेदारों को इंस्टाग्राम की अलग-अलग आईडी से भेजकर 70 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। साथ ही पैसे नहीं देने पर फोटो वायरल करने की लगातार धमकी दी जा रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विभिन्न इंस्टाग्राम आईडी की साइबर तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान जिन मोबाइल नंबरों से आईडी संचालित हो रही थी, उनके आधार पर आरोपियों की पहचान प्रेम कुमार सूर्यवंशी (21 वर्ष) निवासी पाली नैला और शिवम भवानी (19 वर्ष) निवासी पाली नैला के रूप में हुई।
मामले की जानकारी मिलने पर विजय कुमार पाण्डेय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और नगर पुलिस अधीक्षक योगिताबाली खापर्डे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने ग्राम पाली नैला में दबिश देकर दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी पहले पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। दोनों आरोपियों ने युवती से दोस्ती कर अलग-अलग इंस्टाग्राम आईडी से उसकी फोटो पोस्ट कर ब्लैकमेल कर पैसे मांगने की बात कबूल की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 02 मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद राठौर, आरक्षक विनोद राठौर और नीतीश विश्वकर्मा का विशेष योगदान रहा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More