
KPN24.com जांजगीर-चांपा, 15 मई 2026
जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत माफियाओं में हड़कंप मचा दिया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर राजस्व एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम लगातार सक्रिय कार्रवाई कर रही है।
इसी कड़ी में केवा, भादा और नवापारा घाटों पर विशेष अभियान चलाया गया, जहां अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए गए 5 हाईवा वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के बाद सभी वाहनों को पुलिस लाइन जांजगीर में सुपुर्द कर दिया गया है।
जांच और दबिश के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने पर वाहन चालक जोहन कुमार एवं संतोष मिरी के खिलाफ बीएनएसएस की धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। प्रशासन की इस सख्ती से अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के बीच भय का माहौल देखा जा रहा है।
जिला प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा आगे भी ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।










