
मुलमुला पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
KPN24.com जांजगीर-चांपा 17 मई 2026
जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर अनाचार करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कड़ी धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी अभय खूंटे (22 वर्ष) निवासी भलवाही (लगरा), थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा लिया था। परिजनों की शिकायत पर दिनांक 10 मई 2026 को थाना मुलमुला में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मुलमुला पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगाने तथा उसके साथ अनाचार करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 64, 64(2)(एम), 69 भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत कार्रवाई की है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक पारस पटेल, सहायक उप निरीक्षक हेमलाल महिलांगे, प्रमोद महार, प्रधान आरक्षक अमृत सूर्या तथा आरक्षक मनभावन पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










