"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मड़वा हाई स्कूल चोरीकांड का खुलासा : दो नाबालिग समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, टीवी-लैपटॉप-प्रोजेक्टर बरामद

KPN24.com जांजगीर-चांपा 19 मई 2026

जांजगीर-चांपा जिले के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल मड़वा में हुई सनसनीखेज चोरी की वारदात का सिटी कोतवाली पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में दो नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए टीवी, लैपटॉप, प्रोजेक्टर समेत करीब 80 हजार रुपये की इलेक्ट्रॉनिक सामग्री बरामद की है।

पुलिस के हत्थे चढ़ा मुख्य आरोपी उमेश बंजारे उर्फ ननकी (22 वर्ष) निवासी औराईकला, चौकी नैला, जांजगीर है। आरोपी ने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर स्कूल में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
स्कूल का ताला तोड़कर की गई थी चोरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल मड़वा के शिक्षक द्वारा थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 15 मई 2026 की शाम स्कूल स्टाफ स्कूल बंद कर घर चला गया था। इसके बाद 18 मई की सुबह स्कूल के प्राचार्य ने फोन कर बताया कि स्कूल का ताला टूटा हुआ है और अंदर चोरी हो गई है।
जब स्टाफ मौके पर पहुंचा तो कार्यालय, प्राचार्य कक्ष, प्रयोगशाला कक्ष और स्टाफ रूम के ताले टूटे मिले। कमरे के भीतर सामान बिखरा पड़ा था। चोर स्टाफ रूम में लगा टीवी, प्रोजेक्टर और कार्यालय में रखा लैपटॉप चोरी कर ले गए थे। वहीं प्रयोगशाला और कार्यालय के सामान में भी तोड़फोड़ की गई थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल बनी टीम
स्कूल में चोरी की गंभीर घटना की सूचना मिलते ही मामले से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया गया। अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
घटनास्थल और आसपास के लोगों से पूछताछ के दौरान पुलिस को कुछ संदिग्धों की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उमेश बंजारे उर्फ ननकी को हिरासत में लिया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर चोरी करना कबूल कर लिया।
चोरी का पूरा सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए टीवी, लैपटॉप, प्रोजेक्टर सहित करीब 80 हजार रुपये कीमत की सामग्री बरामद कर ली है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि दोनों नाबालिगों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद्र राठौर, आरक्षक शंकर राजपूत एवं तोरन डहरिया की विशेष भूमिका रही।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More