
KPN24.com रायपुर 27 मई 2026
रायपुर में श्रद्धा और संवेदना का भावुक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष, संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक एवं भाजपा के पूर्व संभागीय संगठन मंत्री स्वर्गीय रूपनारायण सिन्हा को अंतिम विदाई देते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री स्वयं उनके निवास पहुंचे और अंतिम दर्शन कर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि स्वर्गीय रूपनारायण सिन्हा का संपूर्ण जीवन संगठन, योग, समाजसेवा और भारतीय संस्कृति के संरक्षण को समर्पित रहा। उनका स्नेह, सरल व्यक्तित्व और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की क्षमता सदैव लोगों के हृदय में जीवित रहेगी। उन्होंने कहा कि श्री सिन्हा ने जनसेवा और संगठन निर्माण में जो अमूल्य योगदान दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि उनका निधन केवल भाजपा परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों और समर्थकों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
राजधानी रायपुर के कबीर नगर स्थित निवास में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व संगठन प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।










