"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

करही गोलीकांड में पुलिस की बड़ी कामयाबी, मास्टरमाइंड गनपत बघेल गिरफ्तार

KPN24.com जांजगीर-चांपा 27 मई 2026

करीब एक महीने से सनसनी बने करही गोलीकांड मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बहुचर्चित हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता और मास्टरमाइंड गनपत बघेल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दबोचा।

पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन हंट” के तहत इससे पहले मामले में शामिल 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। पुलिस का दावा है कि मामले के खुलासे में TECHINT और HUMINT से मिली जानकारी ने निर्णायक भूमिका निभाई।
उधारी विवाद, अवैध रेत कारोबार और व्यवसायिक दुश्मनी बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक आयुष कश्यप की बढ़ती आर्थिक ताकत, क्षेत्र में बढ़ता प्रभाव और अवैध रेत कारोबार में बढ़ती पकड़ आरोपियों को लगातार खटक रही थी। उधारी के पैसों को लेकर पहले से चल रहे विवाद ने दुश्मनी को और गहरा कर दिया।
मुख्य आरोपी गनपत बघेल ने पूछताछ में बताया कि उसने हाईवा और जेसीबी मशीन लोन पर खरीदी थी तथा भारी किस्तों के दबाव में अवैध रेत परिवहन का कारोबार करता था। वहीं आयुष कश्यप कम कीमत में रेत बेचकर उसके ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा था, जिससे आरोपी को भारी आर्थिक नुकसान होने लगा था।
इतना ही नहीं, आरोपी के अनुसार आयुष कश्यप रेत घाटों में दबदबा बनाकर जबरन लोडिंग करवाता था और राजस्व विभाग की टीम बुलाकर वाहनों को पकड़वाने की बात करता था। इसी बात से आरोपी मानसिक रूप से आक्रोशित हो गया और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली।
ऐसे दिया गया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार 23-24 अप्रैल 2026 की दरम्यानी रात तीन नकाबपोश बदमाश ग्राम करही स्थित आयुष कश्यप के घर पहुंचे। वारदात से पहले आरोपियों ने इलाके के सीसीटीवी कैमरे तोड़े और फिर घर में घुस गए।
आरोपियों ने पहले मृतक के पिता के कमरे को बाहर से बंद किया, इसके बाद आयुष कश्यप के कमरे में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके छोटे भाई को भी गोली मार दी गई। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
200 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच की। विवेचना के दौरान पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, साइबर इनपुट जुटाए और संदिग्धों से लगातार पूछताछ की।
जांच के दौरान आरोपी हेमंत कुमार बघेल, भूषण बघेल और अमित टंडन को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
आरोपी के कब्जे से पिस्टल बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी गनपत बघेल के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल और मैगजीन भी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस की कार्रवाई जारी
जांजगीर-चांपा पुलिस ने कहा है कि मामले की विवेचना अभी जारी है और हत्या की साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More