"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

नौतपा का कहर : 44 डिग्री पार तापमान और बिजली कटौती से बेहाल जनजीवन

सड़कें हुईं वीरान, जरूरी काम से ही घरों से निकल रहे लोग

KPN24.com जैजैपुर 28 मई 2026

जैजैपुर क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी और नौतपा के दूसरे दिन ने लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। तापमान 44 डिग्री के पार पहुंचने से मानो आसमान से आग बरस रही हो।

चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया है। ऊपर से लगातार हो रही बिजली कटौती ने आमजन की परेशानियों को कई गुना बढ़ा दिया है।
सुबह 10 बजे से ही सूरज आग उगलना शुरू कर देता है, जिसका असर शाम 5:30 बजे तक देखने को मिल रहा है। भीषण गर्मी के कारण शहर की सड़कें दिनभर सूनी और वीरान नजर आ रही हैं। लोग केवल अत्यावश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
नगर क्षेत्र में बिजली की आंख-मिचौली ने लोगों की दिनचर्या बिगाड़ दी है, वहीं ग्रामीण इलाकों में घंटों बिजली गुल रहने से हालात और खराब हो गए हैं। बिजली बंद होते ही पंखे, कूलर और अन्य जरूरी उपकरण ठप पड़ जाते हैं, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
सबसे ज्यादा दिक्कत छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार मरीजों को हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली बाधित होने से पेयजल संकट भी गहराने लगा है। लोगों का कहना है कि इस भीषण गर्मी में नियमित बिजली आपूर्ति नहीं मिलने से दैनिक कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने विद्युत विभाग से जल्द व्यवस्था सुधारने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि नौतपा के दौरान यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में हालात और भयावह हो सकते हैं।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More