"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

पीडब्ल्यूडी सचिव की सख्ती: बारिश से पहले सड़क मरम्मत पूरी करें, लापरवाह ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई

स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, नई सड़कों और भवन निर्माण की समीक्षा

KPN24.com जांजगीर-चांपा 28 मई 2026

जिले के प्रवास पर पहुंचे लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बुधवार को सड़क और भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और ठेकेदारों को साफ संदेश दिया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांजगीर विश्राम गृह में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी कर निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर जन्मेजय महोबे, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सचिव श्री बंसल ने आगामी बरसात को देखते हुए सड़कों के पेच रिपेयर कार्य प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने ठेकेदारों के कार्यों की गुणवत्ता जांच कर हर महीने भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, वहीं लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर सख्त रुख अपनाते हुए ब्लैक-लिस्टेड और टर्मिनेट करने की कार्रवाई करने को कहा।
जांजगीर और सक्ती में दो-दो संभाग बनाने की तैयारी
समीक्षा बैठक में सचिव श्री बंसल ने सक्ती जिला बनने के बाद प्रशासनिक कसावट और कार्य सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुराने संभागों के पुनर्गठन की आवश्यकता जताई। उन्होंने जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले में दो-दो संभाग रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को वित्तीय वर्ष 2026-27 और वर्ष 2025-26 के लंबित एवं प्रस्तावित कार्यों की प्राथमिकता सूची तैयार कर 31 जुलाई तक प्राक्कलन भेजने को कहा। समय-सीमा से पीछे चल रहे कार्यों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
पामगढ़-डोंगाकोहरौद सड़क को प्राथमिकता
सचिव श्री बंसल ने पामगढ़-डोंगाकोहरौद सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता में रखते हुए जल्द काम शुरू कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जांजगीर कलेक्टोरेट भवन निर्माण कार्य में तेजी लाकर समय पर पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने पूरे परिसर को व्यवस्थित और आधुनिक स्वरूप देने के लिए समुचित कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
बैठक में ऑडिटोरियम रिनोवेशन कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। वहीं जिले में प्रस्तावित द्रुतगामी सड़कों के प्राक्कलन 30 जून तक भेजने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे, जी.एस. मंडावी, अधीक्षण अभियंता के.पी. संत, एन.के. लाल, जे.पी. तिग्गा सहित जांजगीर-चांपा एवं सक्ती जिले के कार्यपालन अभियंता और अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More